छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्यशिक्षा

बोर्ड परीक्षा 2027: मुंगेली में बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए विषय विशेषज्ञों ने बनाई महा-रणनीति, ब्लूप्रिंट के आधार पर होगी तैयारी

अभय न्यूज मुंगेली,10 अक्टूबर 2026।

आगामी वार्षिक परीक्षा 2027 में विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट बनाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग ने अभी से कमर कस ली है। शुक्रवार को मुंगेली के बीआरसी भवन में विकासखंड स्तरीय विषय विशेषज्ञों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए ब्लॉक स्तर पर विषयवार विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।
यह महत्वपूर्ण बैठक जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) डॉ. मोहन लाल पटेल के मार्गदर्शन तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) विमित्रा धृतलहरे एवं बीआरसीसी सूर्यकांत उपाध्याय की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुई।
ब्लूप्रिंट और अंक विभाजन पर रहेगा मुख्य फोकस

बैठक में विषय विशेषज्ञों ने परीक्षाओं में बेहतर अंक हासिल करने के लिए विषयवार शैक्षणिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। विशेषज्ञों को निर्देशित किया गया है कि वे विद्यार्थियों को बोर्ड के ब्लूप्रिंट के अनुरूप ही व्यवस्थित तैयारी कराएं। प्रश्नों के बदलते स्वरूप, अंक विभाजन और महत्वपूर्ण अध्यायों को ध्यान में रखकर बच्चों की कठिनाइयों को दूर किया जाएगा।

कमजोर छात्रों की होगी पहचान, नियमित अभ्यास पर जोर

परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाने के लिए इस बार सतत मूल्यांकन का सहारा लिया जाएगा। शिक्षकों से कहा गया है कि वे छात्र-छात्राओं की विषयवार कमजोरियों को चिन्हांकित (पहचान) करें और विशेष शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से उन्हें दूर करें। इसके साथ ही विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई, निरंतर लिखित अभ्यास, मॉडल प्रश्नपत्रों को हल करवाने तथा समय-समय पर टेस्ट लेने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में यह विशेषज्ञ रहे मौजूद

शिक्षा विभाग को पूरी उम्मीद है कि इस सामूहिक प्रयास और आपसी समन्वय से जिले का परीक्षा परिणाम इस बार बेहद सकारात्मक रहेगा। इस महत्वपूर्ण बैठक में संस्कृत विषय विशेषज्ञ डॉ. रामबाबू मिश्र, अंग्रेजी विशेषज्ञ रूही फातिमा, विक्रम सिंह ठाकुर, ज्योति राय, मोहन उपाध्याय तथा हिंदी विषय विशेषज्ञ संगीता सिंह, फनेंद्र राय, आशीष सिंह, उर्मिला देवांगन, बुद्धेश्वर उपाध्याय, गोविंद पांडेय, शिवशंकर नेताम, राहुल वर्मा और दत्ता मैडम सहित विकासखंड के सभी प्रमुख विषय विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button