अपराधछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्य

ऑपरेशन बाज का असर: मुंगेली पुलिस ने 4 फरार स्थायी वारंटियों को पकड़ा, जुआ खेलते 2 गिरफ्तार

किरण फ्यूल्स के पास काटपत्ती जुआ खेलते आरोपी पकड़ाए, 1,700 रुपये नकद और दो बाइक जब्त; अवैध शराब बिक्री की सूचना पर एक व्यक्ति के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

अभय न्यूज मुंगेली,22 नवंबर 2026।

जिले में अपराधियों और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत मुंगेली पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार फरार स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं, काटपत्ती जुआ खेलते दो आरोपियों को गिरफ्तार कर नकदी और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं। इसके अलावा अवैध शराब बिक्री की सूचना पर एक व्यक्ति के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

बिलासपुर और मुंगेली से पकड़े गए चार फरार वारंटी

पुलिस के अनुसार, लंबे समय से फरार चल रहे चार स्थायी वारंटियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर उन्हें पकड़ा।

पहले मामले में वर्ष 2020 के प्रकरण में धारा 294, 506, 323, 34 भादवि के तहत फरार वारंटी गोवर्धन यादव (32 वर्ष), निवासी पंडरभट्ठा को बिलासपुर से पकड़ा गया। दूसरे मामले में चेक बाउंस से संबंधित धारा 138 एनआई एक्ट के प्रकरण में फरार शुभम शर्मा (30 वर्ष), निवासी ग्राम हरदी, थाना पथरिया को मुंगेली से गिरफ्तार किया गया।

इसी तरह वर्ष 2021 के सड़क दुर्घटना से संबंधित धारा 279, 337, 338 भादवि के मामले में फरार राजू साहू (30 वर्ष), निवासी लिंगियाडीह, थाना सरकंडा, बिलासपुर को जिला अस्पताल बिलासपुर के पास से पकड़ा गया। वहीं, धारा 406 भादवि के मामले में फरार योगेश सोनवानी (35 वर्ष), निवासी गांधी नगर सोढ़ार को मुंगेली से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चारों वारंटियों को न्यायालय में पेश किया।

काटपत्ती जुआ खेलते दो आरोपी गिरफ्तार

थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत 21 नवंबर को किरण फ्यूल्स के पास पुलिस ने 52 पत्ती से रुपये-पैसों का दांव लगाकर काटपत्ती जुआ खेलते दो आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में रिजवान कुरैशी (30 वर्ष), निवासी बड़ा बाजार मुंगेली तथा शेर सिंह (47 वर्ष), निवासी रामगढ़, थाना मुंगेली शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 1,700 रुपये नकद और दो मोटरसाइकिल जब्त कर जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की।

अवैध शराब बिक्री की सूचना पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

इधर, थाना फास्टरपुर क्षेत्र के ग्राम खैरा सेतगंगा में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर पुलिस ने निरंजन टोंडर (50 वर्ष), पिता बैसाखू टोंडर, निवासी खैरा सेतगंगा की दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान शराब नहीं मिली, लेकिन सूचना की तस्दीक में शराब बिक्री की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने उसे भविष्य में ऐसी गतिविधि नहीं करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही थाना फास्टरपुर में इस्तगासा क्रमांक 21/173/2026 के तहत धारा 126, 135(3), 170 बीएनएसएस में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस की इन कार्रवाइयों को ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत फरार वारंटियों की धरपकड़ और जुआ-सट्टा तथा अवैध शराब जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button