बोड़तरा कला सोसायटी में कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति पर बवाल, रिश्तेदार को नौकरी देने का आरोप

बिना विज्ञापन और उच्च कार्यालय की अनुमति के भर्ती किए जाने की शिकायत, संयुक्त आयुक्त सहकारिता से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
अभय न्यूज मुंगेली/लोरमी,19 नवंबर 2026।
जिले के लोरमी तहसील अंतर्गत ग्राम बोड़तरा कला स्थित सेवा सहकारी समिति एवं नवीन उपार्जन केंद्र में कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नियुक्ति प्रक्रिया में कथित अनियमितता और नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए शिकायतकर्ता दिलेश्वर कुमार ने संयुक्त आयुक्त सहकारिता एवं संयुक्त पंजीयक सहकारी संस्थाएं, संभाग बिलासपुर को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में समिति के अध्यक्ष, प्रबंधक एवं सीईओ पर आरोप लगाया गया है कि कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति बिना उच्च कार्यालय की अनुमति और बिना सार्वजनिक विज्ञापन जारी किए कर दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, उक्त पद के लिए न तो कोई विज्ञापन प्रकाशित किया गया और न ही समिति स्तर पर विधिवत मुनादी कराकर आम लोगों को आवेदन का अवसर दिया गया। इसके बावजूद कथित तौर पर समिति अध्यक्ष के रिश्तेदार को कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नियुक्त कर दिया गया।
शिकायतकर्ता ने नियुक्ति प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही यह भी मांग की गई है कि यदि जांच में नियमों के उल्लंघन और अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
अब इस मामले में सहकारिता विभाग के उच्च अधिकारियों की जांच और कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है।

