अपराधछत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्य

जुआरियों को छुड़ाने पुलिस टीम पर हमला और लूटपाट, एक नाबालिग सहित 8 आरोपी गिरफ्तार

शुक्लाभाठा में जुआ कार्रवाई के दौरान पुलिस से मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप; लूटी गई 2,500 रुपये की रकम बरामद

अभय न्यूज मुंगेली,17 नवंबर 2026।

जिले के ग्राम शुक्लाभाठा में जुआ कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम के साथ मारपीट और लूटपाट के मामले में मुंगेली पुलिस ने एक नाबालिग सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जुआ खेलते पकड़े गए लोगों को छुड़ाने के प्रयास में ग्रामीणों के एक समूह ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और लूटपाट की थी। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 2,500 रुपये बरामद किए गए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जुआ कार्रवाई के दौरान हुआ विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में दीपावली पर्व के दौरान जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ‘ऑपरेशन बाज’ चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत 7 नवंबर 2026 की रात करीब 8:53 बजे थाना फास्टरपुर-सेतगंगा पुलिस को ग्राम शुक्लाभाठा में जुआ खेले जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर ताश के पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे शैलेन्द्र गबेल, प्यारे लाल साहू, गोविंद, राजेश साहू और एक नाबालिग को पकड़ा।

जुआरियों को छुड़ाने के लिए पुलिस से मारपीट और लूटपाट का आरोप

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान गांव के कुछ लोग एकजुट होकर मौके पर पहुंचे और पकड़े गए जुआरियों को छुड़ाने का प्रयास करने लगे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज कर धमकी दी तथा हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की। पुलिस ने यह भी आरोप लगाया है कि भीड़ ने जुआ फड़ से जब्त रकम और पुलिस कर्मचारियों के पास रखी नकदी सहित कुल 4,470 रुपये लूट लिए।

इस मामले में प्रधान आरक्षक मनोज साहू की लिखित शिकायत पर थाना फास्टरपुर-सेतगंगा में अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं 132, 218, 223(ख), 296, 115(2), 351(3), 309(6) एवं 191(2) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर गिरफ्तारी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में पुलिस ने मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के घरों में दबिश दी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।

पुलिस ने शैलेन्द्र उर्फ मुच्चु गबेल के कब्जे से 1,500 रुपये और गोविंद गबेल के कब्जे से 1,000 रुपये बरामद किए। इस तरह कुल 2,500 रुपये जब्त किए गए। पुलिस ने बताया कि शेष रकम खर्च कर दी गई थी।

सात वयस्क और एक विधि से संघर्षरत बालक गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में शैलेन्द्र उर्फ मुच्चु गबेल (30 वर्ष), प्यारेलाल साहू (40 वर्ष), गोविंद गबेल (27 वर्ष), उमेश उर्फ चन्द्रकुमार गबेल (37 वर्ष), खोमप्रसाद गबेल (32 वर्ष), शिवप्रसाद गबेल (46 वर्ष), कमलेश कुमार साहू (21 वर्ष) और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। सभी ग्राम शुक्लाभाठा (विचारपुर), थाना फास्टरपुर-सेतगंगा, जिला मुंगेली के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने 17 नवंबर 2026 को आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रघुवीर लाल चंद्रा, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सीमा एवं भारती, सहायक उपनिरीक्षक विजय बंजारा, प्रधान आरक्षक मनोज साहू सहित थाना फास्टरपुर-सेतगंगा और साइबर सेल के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button