प्रतापपुर स्कूल के बाल मेले में सजे 40 स्टॉल, बच्चों ने खेल-खेल में सीखे व्यावसायिक कौशल

अभय न्यूज मुंगेली,23 नवंबर 2026।
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला प्रतापपुर, विकासखंड एवं जिला मुंगेली में विगत दिवस भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। विद्यालय में पहली बार आयोजित इस बाल मेले में कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले में बच्चों द्वारा कुल 40 स्टॉल लगाए गए, जो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे।
मेला प्रभारी शिक्षिका ममता केशरवानी एवं लीना राज ने बताया कि विद्यार्थियों को क्रमवार एक से 40 तक स्टॉल आवंटित किए गए थे। इन स्टॉलों में खान-पान के व्यंजनों से लेकर विभिन्न रोमांचक खेलों तक की व्यवस्था की गई थी। बच्चों के साथ-साथ ग्रामवासियों ने भी मेले का भरपूर आनंद लिया। बड़ी संख्या में पालक, अभिभावक एवं जनप्रतिनिधि आयोजन में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम सरपंच राजकुमार यादव, हेमपाल ध्रुव एवं व्याख्याता विजय यादव ने फीता काटकर तथा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं श्रीफल अर्पित कर किया। इस अवसर पर शिक्षिका राजकुमारी जोशी एवं संगीता तिवारी ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से बच्चों के व्यावसायिक कौशल एवं सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने बाल मेले का आयोजन किया गया। ऐसे आयोजनों से बच्चे खेल-खेल में जीवन कौशल, लेन-देन और व्यावसायिक गतिविधियों को करीब से समझते हैं, जो उनके भविष्य में उपयोगी साबित होंगे।

शिक्षक ताराचंद महिलांग एवं सौरभ जेकब ने आयोजन में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रधान पाठक एवं शैक्षिक समन्वयक जिला राम यादव ने किया।
इस दौरान संस्था के प्रभारी प्रधान पाठक जिला राम यादव ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शनिवार को बैगलेस डे के अवसर पर स्थानीय तीज-त्योहारों एवं महापुरुषों की जयंती पर विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। इनमें प्रातःकालीन योग एवं पीटी, हरेली पर गेड़ी नृत्य, रक्षाबंधन पर राखी निर्माण, दशहरा एवं नवरात्रि पर गरबा, दीपावली पर रंगोली एवं कक्षा सजावट प्रतियोगिता, साफ-सफाई, सुवा नृत्य तथा नियमित खेलकूद जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य विद्यालय को मनोरंजक बनाने के साथ बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है।

कार्यक्रम में नवागांव संकुल समन्वयक उमेश साहू, संदीप जांगड़े, एसएमसी अध्यक्ष संगीता गोस्वामी, देविका साहू, महेशिया साहू, पंच प्रीतम साहू, कामता साहू, तोरण साहू, गणेश साहू, वेदराम यादव, शोभाराम यादव, रिखी राम यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।