स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने पर जोर, जिला पंचायत में बैंकर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित

बैंकर्स एवं बिहान कैडर्स को बैंक लिंकेज, वित्तीय समावेशन और IELA की दी गई विस्तृत जानकारी
अभय न्यूज मुंगेली, 18 नवंबर 2026।
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत जिला पंचायत मुंगेली के सभाकक्ष में बैंकर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बैंकर्स एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के कैडर्स को स्वयं सहायता समूहों के बैंक लिंकेज, वित्तीय समावेशन तथा IELA से संबंधित प्रक्रियाओं और प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला में एनआरपी श्री गगन बिहारी भुइया, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक (LDM), विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, NRLM के अधिकारी एवं कैडर्स उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बैंकर्स और बिहान कैडर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना रहा। इस दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की गतिविधियों, स्वयं सहायता समूहों की वित्तीय आवश्यकताओं और बैंकर्स एवं कैडर्स की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशिक्षण सत्र में वित्तीय समावेशन, बैंक लिंकेज एवं IELA से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया गया। वहीं, प्रश्नोत्तरी सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। साथ ही बैंकिंग प्रक्रिया से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर भी विचार-विमर्श कर आवश्यक जानकारियां साझा की गईं।
कार्यशाला में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि बैंकर्स और NRLM कैडर्स के बीच बेहतर तालमेल से स्वयं सहायता समूहों को समय पर बैंकिंग सुविधाएं एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और वित्तीय समावेशन को भी मजबूती मिलेगी।

