
गुढ़ा में ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के बच्चों से की आत्मीय मुलाकात, सामुदायिक भवन निर्माण का किया भूमिपूजन
अभय न्यूज पंडरिया,18 नवंबर 2026।
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक भावना बोहरा ने ग्राम गुढ़ा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अपनी महत्वाकांक्षी पहल ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के तहत रोबोटिक्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से उनके सीखने के अनुभव, तकनीकी समझ और भविष्य के सपनों को लेकर विस्तार से चर्चा की।

विद्यार्थियों में विज्ञान और आधुनिक तकनीक के प्रति उत्साह, जिज्ञासा और कुछ नया करने का जुनून देखकर विधायक भावना बोहरा ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र का कोई भी बच्चा आधुनिक शिक्षा और तकनीकी ज्ञान से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के माध्यम से शासकीय विद्यालयों एवं सरस्वती शिशु मंदिरों के विद्यार्थियों को रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और विज्ञान की प्रायोगिक शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।

विधायक ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें आधुनिक संसाधन, बेहतर अवसर और सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। यदि ग्रामीण बच्चों को तकनीकी शिक्षा और उचित मंच मिले तो वे भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाकर पंडरिया का नाम रोशन कर सकते हैं। ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ इसी दिशा में बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का प्रयास है।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने ग्राम गुढ़ा में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन भी किया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
