छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमनोरंजनमुंगेलीराज्यलाइफ स्टाइलसंस्कृति

मुंगेली व्यापार मेला-2026 के लिए ओपन माइक, छत्तीसगढ़ी गीत गायन और गॉट टैलेंट का ऑडिशन संपन्न, 50 से अधिक प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा

अभय न्यूज मुंगेली,23 नवंबर 2026।

स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित मुंगेली व्यापार मेला-2026 की सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में ओपन माइक, छत्तीसगढ़ी गीत गायन एवं मुंगेली गॉट टैलेंट प्रतियोगिता के लिए रविवार को समन्वय कला एवं संगीत महाविद्यालय, मुंगेली में ऑडिशन आयोजित किया गया। दोपहर 2 बजे से शुरू हुए ऑडिशन में मुंगेली शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से आए 50 से अधिक प्रतिभागियों ने गायन, संगीत, नृत्य, अभिनय एवं अन्य कला विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

ऑडिशन में निर्णायक मंडल के रूप में सतपाल सिंह मक्कड़, देवशंकर श्रीवास्तव, आशीष कुमार सोनी एवं अनुराग सिंह उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के तहत छत्तीसगढ़ी गीत गायन में 20, ओपन माइक में 12 तथा मुंगेली गॉट टैलेंट में 20 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, कला कौशल एवं प्रदर्शन के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की।

चयनित प्रतिभागियों के बीच 1 दिसंबर को शाम 6 बजे से छत्तीसगढ़ी गीत गायन एवं ओपन माइक प्रतियोगिता आयोजित होगी, वहीं 3 दिसंबर को शाम 6 बजे मुंगेली गॉट टैलेंट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। तीनों प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों के बीच रोचक मुकाबला देखने को मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर आशीष कुमार सोनी ने कहा कि मुंगेली जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और अवसर प्रदान करने की है। मुंगेली व्यापार मेला के माध्यम से बच्चों, युवाओं एवं स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिल रहा है।

निर्णायक सतपाल सिंह मक्कड़ ने कहा कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य केवल विजेताओं का चयन करना नहीं, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर उन्हें अपनी कला निखारने के लिए बड़ा मंच उपलब्ध कराना है। ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं।

वहीं अनुराग सिंह ने कहा कि मुंगेली गॉट टैलेंट एवं ओपन माइक जैसी प्रतियोगिताएं क्षेत्र की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का सराहनीय प्रयास हैं। संगीत, गायन एवं कला के क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवाओं को ऐसे अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए।

कार्यक्रम में संस्था के संयोजक रामपाल सिंह, सह संयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार सहित सांस्कृतिक समिति के सदस्य नागेश साहू, राहुल मल्लाह, वासु पाण्डेय, आर्या सिंह, श्रीओम सिंह, सुरेश यादव, सूरज मंगलानी, श्रेयांश बैद, रवि साहू सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

27 नवंबर से सजेगा मुंगेली व्यापार मेला

उल्लेखनीय है कि स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी, मुंगेली द्वारा 27 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक वीर शहीद धनंजय सिंह स्टेडियम, बी.आर. साव स्कूल मैदान, मुंगेली में मुंगेली व्यापार मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा। सात दिवसीय इस आयोजन में व्यापार, मनोरंजन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय व्यवसायों और जिले की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button