छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्यलाइफ स्टाइल

एसआईआर के बाद छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार वोट देने वाले युवाओं का होगा पंजीकरण

अभय न्यूज मुंगेली, 08 अक्टूबर 2026।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एसआईआर के दौरान अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के पंजीकरण के लिए जिले में एक माह का विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों और क्रियान्वयन को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने प्रदेश के सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों की वर्चुअल बैठक ली।

कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष से बैठक में शामिल कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमृत विकास तोपनो ने जिले में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। अभियान के तहत 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके तथा पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं के साथ 17 वर्ष से अधिक आयु के भावी मतदाताओं को भी जागरूक कर पंजीकरण प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान केंद्र स्तर पर प्रति सप्ताह दो दिवस विशेष शिविर आयोजित करने, एसआईआर के दौरान विभिन्न कारणों से विलोपित प्रविष्टियों का बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर पुनर्सत्यापन करने तथा पात्र नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने और अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया गया।

कलेक्टर तोपनो ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहे, इसके लिए जिले में व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं पंजीकरण गतिविधियां संचालित की जाएं।

बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पांडेय तिवारी, अपर कलेक्टर अंजोर सिंह पैकरा, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button