
अभय न्यूज मुंगेली/पंडरिया,22 नवंबर 2026।
ग्राम राजपुर में भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन जी की जयंती के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा शामिल हुईं। उन्होंने भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन जी के श्रीचरणों में नमन कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने उपस्थित समाजजनों से आत्मीय मुलाकात एवं संवाद किया तथा भव्य आयोजन की सफलता के लिए सभी को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन हमारी गौरवशाली परंपराओं, संस्कृति और इतिहास को संरक्षित रखने के साथ ही नई पीढ़ी को महापुरुषों के आदर्शों एवं उनके विचारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।

विधायक ने आयोजन में मिले आत्मीय स्वागत, सम्मान और स्नेह के लिए समस्त समाजजनों एवं ग्रामवासियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रोशन दुबे, जिला अध्यक्ष डड़सेना कलार समाज रूपेन्द्र जायसवाल, मंडल अध्यक्ष नरेश साहू, जनपद सदस्य सुदर्शन कुंभकार, अमृत सिन्हा, सुरेश साहू, मनोज वैष्णव सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, समाज के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
