Breaking Newsकरियरछत्तीसगढ़ जनसंपर्कदेशमुंगेलीराज्यलाइफ स्टाइलशिक्षा

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर लखनऊ में लगेगा राष्ट्रीय शिविर, मुंगेली के तीन युवा करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

अभय न्यूज मुंगेली,24 नवंबर 2026।

राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर युवाओं में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति, संवैधानिक मूल्यों एवं नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा देशभर में वंदे मातरम् शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 25 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक राष्ट्रीय स्तर के शिविर का आयोजन होगा। इसमें मुंगेली जिले के तीन युवा स्वयंसेवक नितेश कुमार मोहले, अरुण कुमार साहू एवं विकास निर्मलकर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

वर्ष 2026 में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित इन कार्यक्रमों का विशेष ऐतिहासिक महत्व है। महान साहित्यकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित इस गीत का प्रथम प्रकाशन 7 नवंबर 1875 को साहित्यिक पत्रिका ‘बंगदर्शन’ में हुआ था। आगे चलकर यह गीत भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में राष्ट्रीय चेतना, देशप्रेम और एकता का प्रेरणादायी प्रतीक बना। शिविर के माध्यम से युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली विरासत से जोड़ने तथा राष्ट्र के प्रति उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का बोध कराने का प्रयास किया जाएगा।

शिविर में भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक परंपराओं, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता, नागरिक कर्तव्यों, सामुदायिक सहभागिता एवं केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं से जुड़े विषयों पर संवाद और विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भागीदारी की भावना विकसित करना है। यह पहल विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

मुंगेली जिले से चयनित तीनों युवा स्वयंसेवकों को इस शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आए युवाओं के साथ विचारों एवं अनुभवों का आदान-प्रदान करने का अवसर मिलेगा। साथ ही वे राष्ट्रीय एकता, युवा नेतृत्व एवं सामाजिक सेवा से जुड़ी नई जानकारियां और अनुभव प्राप्त करेंगे।

मेरा युवा भारत, बिलासपुर संभाग के उपनिदेशक श्री नितिन कुमार शर्मा ने तीनों युवा स्वयंसेवकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे शिविर से प्राप्त ज्ञान और अनुभवों का उपयोग अपने जिले में जनजागरूकता, युवा सहभागिता एवं राष्ट्रनिर्माण से जुड़े कार्यों में करेंगे।

यह शिविर युवाओं को देश की सांस्कृतिक विविधता और ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराने के साथ संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने तथा राष्ट्रप्रथम की भावना के साथ विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button