सोनकर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में भक्तिमय माहौल में मनाया गया भव्य सावन महोत्सव

अभय न्यूज मुंगेली। 25 अगस्त 26।
श्रावण मास के पावन अवसर पर सोनकर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, मुंगेली द्वारा श्रद्धा, भक्ति एवं भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत भव्य सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं विविध आकर्षक आयोजनों के माध्यम से सावन की पावन परंपराओं का उत्साहपूर्वक उत्सव मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने सावन थीम पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, शिव भजन एवं भक्तिमय नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। पूरे परिसर में गूंजते “हर-हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर संस्था के संचालक शिव आशीष सोनकर, किरण सोनकर, रजिस्ट्रार खिलेश गंजीर, आईटीआई प्राचार्य आर.के. ठाकुर सहित सभी विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया।
संस्था प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में सांस्कृतिक, नैतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों के विकास के साथ भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान और आस्था को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम का समापन भगवान भोलेनाथ की आरती एवं सभी के मंगलमय जीवन की कामना के साथ हुआ।
