बाबाघाट धाम में आस्था और विकास का संगम, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया रुद्राभिषेक

अभय न्यूज रायपुर/लोरमी।25 अगस्त 26।
पावन श्रावण मास के अंतिम सोमवार को लोरमी के श्री बाबाघाट धाम में आस्था और विकास का सुंदर संगम देखने को मिला। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमीवासियों के साथ परम पूज्य श्री श्री 108 शिवानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में भगवान भोलेनाथ का विधिवत रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
रुद्राभिषेक के पश्चात उपमुख्यमंत्री साव ने श्री बाबाघाट धाम मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया।
उन्होंने कहा कि ‘विरासत भी, विकास भी’ की सोच के साथ लोरमी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य किया जा रहा है। सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन के बाद बाबाघाट धाम का स्वरूप और अधिक भव्य एवं आकर्षक हो गया है। इससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ, शांत और भक्तिमय वातावरण मिलेगा।
उन्होंने कहा कि श्री बाबाघाट धाम लोरमी का प्राचीन धार्मिक स्थल है, जहां वर्षों से साधु-संत पूजन, हवन एवं विश्राम करते रहे हैं। समय के साथ यह स्थल जीर्ण-शीर्ण हो गया था, जिसे अब सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन कार्यों के माध्यम से नया स्वरूप प्रदान किया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल लोक कॉरिडोर और अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का विकास हुआ है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ में भोरमदेव कॉरिडोर तथा मां बम्लेश्वरी मंदिर में ‘प्रसाद’ योजना के तहत कार्य किए जाएंगे। रतनपुर धाम के विकास की दिशा में भी कार्य जारी हैं। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में लोरमी के बाबाघाट धाम को भी भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है।
उन्होंने लोरमीवासियों से अपील की कि वे बाबाघाट धाम की सुंदरता और स्वच्छता को बनाए रखें तथा यहां नियमित रूप से धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों को बढ़ावा दें।
