अमितेश केशरवानी के निधन पर शिक्षा विभाग में शोक, बीईओ ने परिजनों को दी 50 हजार की अग्रसिया राशि

अभय न्यूज मुंगेली।20 अगस्त 26।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मुंगेली में कार्यरत सहायक ग्रेड-3 श्री अमितेश केशरवानी के आकस्मिक निधन से शिक्षा विभाग में शोक की लहर है। उनके निधन से कार्यालयीन स्टाफ, परिजनों, सहकर्मियों एवं परिचितों में गहरा दुख व्याप्त है।
इस दुःख की घड़ी में विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुंगेली विमित्रा घृतलहरे ने दिवंगत अमितेश केशरवानी के निवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने कार्यालयीन स्टाफ एवं परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में दिवंगत कर्मचारी के परिजनों को 50 हजार रुपये की अग्रसिया राशि प्रदान की।
बीईओ घृतलहरे ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि असमय किसी अपने का चले जाना अत्यंत पीड़ादायक होता है। इस कठिन समय में पूरा शिक्षा विभाग परिवार के साथ खड़ा है और हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगा।
उन्होंने दिवंगत अमितेश केशरवानी के सेवाकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यालयीन दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारी और लगन के साथ किया। उनके आकस्मिक निधन से विभाग ने एक कर्मठ एवं सहयोगी कर्मचारी को खो दिया है, जिसकी कमी हमेशा महसूस होगी।
बीईओ ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने परिजनों को विभागीय स्तर पर आवश्यक सहयोग एवं प्रक्रियाओं में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत अमितेश केशरवानी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। परिजनों ने इस कठिन समय में शिक्षा विभाग द्वारा संवेदना व्यक्त करने एवं आर्थिक सहयोग प्रदान करने के लिए आभार जताया।


