जनजातीय गौरव दिवस पर भाजपा कार्यालय में भगवान बिरसा मुंडा को दी गई श्रद्धांजलि

जिला भाजपा कार्यालय अटल परिसर में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन, संघर्ष और योगदान को किया याद
अभय न्यूज मुंगेली,15 नवंबर 2026।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिला भाजपा कार्यालय अटल परिसर, मुंगेली में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया। उन्होंने देश की स्वतंत्रता तथा जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेष पाठक, गिरीश शुक्ला, तरुण खांडेकर, शिव प्रताप सिंह, मिट्ठूलाल यादव, रामशरण यादव, कोटू दादवानी, राजीव श्रीवास, डॉ. लेखू साहू, राजेश्वर सिंह टंडन एवं दीपक सोनकर सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
