भूमि पूजन और कार्यालय उद्घाटन के साथ मुंगेली व्यापार मेला-2026 की तैयारियां शुरू, 300 स्टॉल लगाने का लक्ष्य

27 नवंबर से 3 दिसंबर तक सजेगा सात दिवसीय व्यापारिक महाकुंभ, अब तक लगभग 200 स्टॉलों की बुकिंग पूरी
अभय न्यूज मुंगेली,15 नवंबर 2026।
‘मुंगेली का त्योहार’ के नाम से पहचान बना चुका मुंगेली व्यापार मेला-2026 इस वर्ष अपने 11वें आयोजन के साथ एक बार फिर शहरवासियों के लिए व्यापार, संस्कृति और मनोरंजन का संगम बनने जा रहा है। स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी द्वारा 27 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय मेले की तैयारियों का विधिवत आगाज भूमि पूजन एवं कार्यालय उद्घाटन के साथ हो गया। मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आयोजन की सफलता की कामना की गई।

300 स्टॉल लगाने का लक्ष्य, 200 की बुकिंग पूरी
मेले के सुव्यवस्थित और भव्य आयोजन को लेकर आयोजित बैठक में विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। इस वर्ष कुल 300 स्टॉल लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से लगभग 200 स्टॉलों की बुकिंग हो चुकी है। मेले में छत्तीसगढ़ सहित राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित उत्पादों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ऑटोमोबाइल, लघु एवं कुटीर उद्योगों तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे।
संस्था के सचिव एवं स्टॉल प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि इस बार स्थानीय व्यापारियों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्हें भी अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और व्यवसाय विस्तार के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
व्यापार, संस्कृति और मनोरंजन का बनेगा संगम
संयोजक रामपाल सिंह ठाकुर ने कहा कि मुंगेली व्यापार मेला अब केवल व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि शहर की पहचान और सामूहिक उत्सव का स्वरूप ले चुका है। संस्था पिछले एक दशक से लगातार इस आयोजन को सफलतापूर्वक आयोजित करती आ रही है। ग्यारहवें वर्ष में प्रवेश कर रहे मेले को राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना सामूहिक संकल्प है। प्रयास है कि व्यापार, मनोरंजन, संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को एक ही मंच पर अवसर मिले।

अध्यक्ष महावीर सिंह ने कहा कि इस वर्ष मेले को लेकर लोगों और व्यापारियों में खासा उत्साह है। आयोजन को यादगार बनाने के लिए संस्था के प्रत्येक सदस्य को पूरी ऊर्जा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभानी होगी।
सहसंयोजक रामशरण यादव ने बताया कि मेले को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। इस बार अनेक नवीन गतिविधियां, मनोरंजक कार्यक्रम और विशेष आकर्षण शामिल किए जाएंगे। साथ ही मुंगेली की स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने के लिए विशेष मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
आयोजन को यादगार बनाने में जुटी संस्था
संस्था का उद्देश्य इस वर्ष के मेले को व्यापारिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक, सामाजिक और मनोरंजन के विविध रंगों से सजाना है, ताकि शहरवासियों को एक ही स्थान पर खरीदारी, जानकारी और मनोरंजन का अवसर मिल सके।

भूमि पूजन एवं कार्यालय उद्घाटन के अवसर पर संयोजक रामपाल सिंह ठाकुर, सहसंयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, सचिव विनोद यादव, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार सहित दिनेश गोयल, सतपाल मक्कड़, गोखलेश सिंह, विकास जैन, देवेंद्र परिहार, दीपक जैन, रणवीर सिंह, श्रेणिक पारख, नीलेश केशरवानी, आशीष सोनी, अनुराग सिंह, सूरज मंगलानी, गिरीश सुथार, मुकेश पांडेय, सुनील वाधवानी, अनीश जैन, देवशंकर श्रीवास्तव, गौरव जैन, कोमल चौबे, धीरज जैन, नागेश साहू, संदीप सिंह, पप्पू शर्मा, राहुल मल्लाह, पवन यादव, श्रेयांश बैद, आर्या सिंह, वासु पांडेय, रवि साहू, आशीष सिंह, राहुल साहू, वैभव ताम्रकार, रॉकी सलूजा, देवेंद्र गहरवार, दिलबाग सिंह, अजय चंद्राकर, चित्रकान्त सिंह, संतोष जांगड़े, श्रीओम सिंह, रघुराज सिंह, सुरेश यादव, परमेश्वर देवांगन और अमित साहू सहित संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।
