
बाल दिवस पर बच्चों ने सीखा खरीद-बिक्री, मूल्य निर्धारण और लेन-देन का व्यवहारिक पाठ; ग्रामीणों ने बढ़ाया उत्साह
अभय न्यूज मुंगेली,14 नवंबर 2026।
देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर 2026 को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रोहराखुर्द, विकासखंड मुंगेली में भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और विभिन्न खाद्य पदार्थों के आकर्षक स्टॉल लगाकर अपनी प्रतिभा और हुनर का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरपंच प्रतिनिधि चन्द्रकुमार जोगीवंश एवं शाला विकास प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दिलहरण सिंह राजपूत ने मां सरस्वती और पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

बच्चों ने लगाए स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल
बाल मेले में विद्यार्थियों ने गुपचुप, चाट, चना चटपटी, मोमोस, भेल, चाउमीन, आलू भजिया और ब्रेड भजिया सहित कई खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए। खास बात यह रही कि बच्चों ने केवल व्यंजनों की बिक्री ही नहीं की, बल्कि ग्राहकों का स्वागत करने, सामान परोसने, कीमत तय करने और लेन-देन करने का अनुभव भी प्राप्त किया।
मेले में ग्रामवासी, पालकगण, जनप्रतिनिधि और शिक्षक बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने बच्चों के स्टॉल से खरीदारी कर उनका उत्साह बढ़ाया। पूरे विद्यालय परिसर में मेले जैसा उल्लासपूर्ण माहौल नजर आया।

किताबी शिक्षा के साथ व्यवहारिक ज्ञान देने की पहल
विद्यालय के प्रभारी प्रधानपाठक जितेन्द्र कुमार बंजारा ने बताया कि बाल मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, उद्यमशीलता और सहयोग की भावना विकसित करना है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ व्यवहारिक जीवन का अनुभव मिलता है तथा वे खरीद-बिक्री, संवाद और आर्थिक लेन-देन जैसी गतिविधियों को समझते हैं।
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि चन्द्रकुमार जोगीवंश एवं शाला विकास प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दिलहरण सिंह राजपूत ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बाल मेले जैसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

शिक्षकों के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
बाल मेले के सफल आयोजन में प्रभारी प्रधानपाठक जितेन्द्र कुमार बंजारा, अमरप्रसाद कुर्रे, आशीष कुमार सोनी, चन्द्रप्रकाश सूर्यवंशी, दिलीप जाटवर, महेन्द्र यादव, श्रीमती रीनू लाल, भूषण प्रसाद पात्रे एवं सुरेश यादव का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में हाईस्कूल रोहराखुर्द के प्रभारी चैतन्य दास वैष्णव सहित शिवशंकर नेताम, गोविन्द पाण्डेय, महादेव साहू, देवप्रसाद बर्मन एवं बसंत बंजारा सहित व्याख्यातागण उपस्थित रहे। बाल मेले के आयोजन से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली।