Breaking Newsअपराधछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्यलाइफ स्टाइलव्यापार

प्रयागराज से ब्राउन शुगर लाकर मुंगेली में बेचने की तैयारी, 10.20 ग्राम नशीले पदार्थ के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

ऑपरेशन बाज के तहत साइबर सेल और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, ब्राउन शुगर-मोबाइल सहित 1.65 लाख रुपये का मशरूका जब्त

अभय न्यूज मुंगेली, 15 नवंबर 2026।

जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ मुंगेली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी और बिक्री के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत 1 लाख 65 हजार 80 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई भारत सरकार के ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ और पुलिस द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत की गई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर निगरानी रखी जा रही है।

इसी क्रम में 14 नवंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि सरदार पटेल वार्ड निवासी सुरेन्द्र पटेल के घर के पीछे बाड़ी में चार व्यक्ति ब्राउन शुगर बिक्री के उद्देश्य से रखे हुए हैं। सूचना पर साइबर सेल और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार संदिग्धों को हिरासत में लिया।

तीन पैकेट में मिला 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर

पुलिस के अनुसार, गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से तीन पैकेट में कुल 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में जयकुमार साहू, दीपक यादव और रोशन पटेल ने 13 नवंबर को बस से प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) जाकर ब्राउन शुगर खरीदकर मुंगेली लाने की बात बताई। वहीं, पुलिस के मुताबिक 14 नवंबर को चारों आरोपी इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की मदद से ब्राउन शुगर की छोटी-छोटी पुड़िया तैयार कर बिक्री की तैयारी कर रहे थे।

चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयकुमार साहू (21 वर्ष), दीपक यादव (22 वर्ष), रोशन पटेल (20 वर्ष) और देवा उर्फ वेदव्यास साहू (23 वर्ष), सभी निवासी मुंगेली के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर, जिसकी कीमत 59 हजार रुपये बताई गई है, तीन मोबाइल फोन कीमत 1 लाख 6 हजार 80 रुपये तथा इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन जब्त की है। थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 427/2026 के तहत धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 15 नवंबर को उन्हें न्यायालय में पेश किया।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी, प्रउनि नवीन जांगड़े, उपनिरीक्षक पारख साहू, सउनि विजय बंजारा सहित थाना सिटी कोतवाली और साइबर सेल के पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

नशे की सूचना पुलिस को देने की अपील

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी मादक पदार्थों की अवैध तस्करी, बिक्री या नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button