
अभय न्यूज मुंगेली, 07 अक्टूबर 2026।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिले में मेडिकल स्टोर्स के नियमानुसार संचालन और औषधियों के क्रय-विक्रय की निगरानी को लेकर जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले के 6 मेडिकल स्टोर्स का सघन निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो मेडिकल स्टोर्स में खरीद-बिक्री संबंधी दस्तावेजों का नियमानुसार संधारण नहीं पाया गया, जिसके चलते संबंधित संचालकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में औषधि निरक्षण किरण सिंह एवं सुमनलता कंवर ने औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा नियमावली, 1945 के तहत मेडिकल स्टोर्स की जांच की।

इन 6 मेडिकल स्टोर्स में पहुंची जांच टीम
जांच के दौरान मेसर्स तनु मेडिकल स्टोर्स चंद्रखुरी, विजय मेडिकल स्टोर्स चंद्रखुरी, सतगुरु मेडिकल स्टोर्स चंद्रखुरी, विजय मेडिकल स्टोर्स मोहभट्टा, वर्मा मेडिकल स्टोर्स मोहभट्टा एवं सुरभी मेडिकल स्टोर्स लालपुर का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान विशेष रूप से स्वापक एवं मनःप्रभावी औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही दवाओं की खरीद और बिक्री से जुड़े अभिलेखों के नियमानुसार संधारण की स्थिति भी परखी गई।
दो दुकानों में मिली दस्तावेजी खामी
जांच के दौरान दो मेडिकल स्टोर्स में क्रय-विक्रय संबंधी दस्तावेजों का नियमानुसार संधारण नहीं पाया गया। विभाग द्वारा संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 एवं नियमावली, 1945 के प्रावधानों के तहत कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने की कार्रवाई की जाएगी।
औषधि विभाग की इस कार्रवाई से मेडिकल स्टोर्स में दवाओं के क्रय-विक्रय से जुड़े रिकॉर्ड को नियमों के अनुरूप संधारित करने को लेकर निगरानी और सख्त होने के संकेत मिले हैं।