छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराजनीतीराज्य

कंतेली में CM साय की दस्तक की तैयारी! 12 से 15 अक्टूबर के बीच पहुंचने की संभावना, महाविद्यालय भवन का करेंगे लोकार्पण

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, विधायक पुन्नूलाल मोहले ने अधिकारियों के साथ सभा, हेलीपैड और पार्किंग स्थल का किया निरीक्षण

अभय न्यूज मुंगेली,06 अक्टूबर 2026।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा की भावना को जनभागीदारी से जोड़कर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मुंगेली जिले में बड़ा कार्यक्रम प्रस्तावित है। 12 से 15 अक्टूबर के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कंतेली पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री यहां नवनिर्मित कंतेली महाविद्यालय भवन का लोकार्पण करने के साथ आमसभा को संबोधित कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को लेकर कंतेली में प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ गई हैं और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की कवायद शुरू हो गई है।

विधायक मोहले ने अधिकारियों के साथ लिया तैयारियों का जायजा

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कलेक्टर अमृत विकास टोपनो, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सभा स्थल, हेलीपैड, पार्किंग, आमजन एवं कार्यकर्ताओं के प्रवेश-निकास, सुरक्षा व्यवस्था, मंच तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों को कार्यक्रम को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, गिरीश शुक्ला, मानिक सोनवानी, रजनी सोनवानी, रामशरण यादव, सौरभ बाजपेयी, राज साहू, ताराचंद टंडन, राकेश साहू, राजेश्वर सिंह टंडन, अश्वनी चंद्राकर सहित भाजपा पदाधिकारी एवं जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

कंतेली को मिलेगी उच्च शिक्षा की नई सौगात

मुख्यमंत्री के हाथों नवनिर्मित महाविद्यालय भवन का लोकार्पण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। नए भवन से कंतेली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अधोसंरचना और सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे ग्रामीण क्षेत्र में उच्च शिक्षा की पहुंच को और मजबूती मिलने की संभावना है।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा सेवा संकल्प अभियान

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, रोजगार एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है।कंतेली में महाविद्यालय भवन का लोकार्पण भी शिक्षा एवं युवा सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।

CM के दौरे की संभावना से क्षेत्र में बढ़ा उत्साह

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संभावित कंतेली आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। प्रशासन जहां कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है, वहीं भाजपा संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी कार्यक्रम की तैयारियों में सक्रिय हो गए हैं।

मुख्यमंत्री का संभावित दौरा तय होने की स्थिति में कंतेली में होने वाला यह कार्यक्रम सेवा, सुशासन, शिक्षा और जनभागीदारी के संदेश के साथ राजनीतिक एवं प्रशासनिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। यह जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रामशरण यादव द्वारा दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button