छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्यलाइफ स्टाइल

मुंगेली में स्काउट गाइड ने आयोजित की सर्वधर्म प्रार्थना सभा; राष्ट्रगीत स्मरणोत्सव पर हुआ संपूर्ण वंदे मातरम गान, 3 नए आजीवन सदस्य जुड़े

अभय न्यूज मुंगेली,02 सितंबर 2026।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ मुंगेली के तत्वाधान में 02 अक्टूबर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुंगेली में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती व मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्मरणोत्सव के रूप में संपूर्ण ‘वंदे मातरम’ गान के साथ हुई।

*10 प्रार्थना गीतों से गूंजा परिसर, सर्वधर्म समभाव का दिया संदेश*

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का तिलक लगाकर और स्कार्फ पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस सर्वधर्म प्रार्थना सभा में स्काउट गाइड के छात्र-छात्राओं द्वारा कुल 10 प्रार्थना गीतों का सुमधुर गायन किया गया। इनमें प्रमुख रूप से प्रातः स्मरण, सरस्वती वंदना, गुरु महिमा, ‘रघुपति राघव राजा राम’, ‘जय बोलो सत धर्मों की’, ‘वी शैल ओवर कम’, ‘हर देश में तू’ और अंत में वैश्विक शांति के लिए शांति पाठ किया गया, जिसमें सभी धर्मों की प्रार्थनाएं शामिल रहीं।

*प्रार्थना सभा बच्चों में जगाती है सामाजिक समरसता: डीईओ एम.एल. पटेल*

सभा को संबोधित करते हुए पदेन जिला आयुक्त एवं जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) एम.एल. पटेल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में सामाजिक समरसता और एकता का भाव उत्पन्न होता है। उन्होंने जिले में स्काउटिंग गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा देने की बात कही।

वहीं जिला मुख्य आयुक्त राणा प्रताप सिंह ठाकुर ने कहा कि विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाओं के माध्यम से छात्र सभी धर्मों के प्रति आदर भाव व्यक्त करना सीखते हैं, जिससे उनका सर्वांगीण विकास होता है। कार्यक्रम का कुशल संचालन कर रहे शिक्षक व जिला कोषाध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, शांति और सर्वधर्म समभाव के संदेशों को जीवन में उतारने की अपील की।

*तीन वरिष्ठ जनों ने ली संगठन की आजीवन सदस्यता*

इस विशेष अवसर पर जिला मिशन समन्वयक (DMC)अशोक सोनी, मुंगेली विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) विमित्रा घृतलहरे एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक जगदीश देवांगन ने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ मुंगेली की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। जिला संघ के अध्यक्ष जेठमल कोटडिया ने सभी को इस पुनीत कार्य और जयंती के अवसर पर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।

*कार्यक्रम में ये रहे मुख्य रूप से उपस्थित*

इस अवसर पर आजीवन सदस्य चंपालाल सुथार व प्रवीण वैष्णव, अतिथि अशोक गुप्ता, कमल सोनी, अरविंद केसरवानी उपस्थित थे। साथ ही वरिष्ठ पत्रकार सुशील शुक्ला, जिला ब्यूरो चीफ जय ताम्रकार, स्कूल के प्राचार्य नरेंद्र श्रीवास्तव, ब्लॉक सचिव जय बहादुर खांडेकर, मोनू बेलदार, देवेंद्र पांडेय, मनीराम साहू, संबोध श्रीवास, गाइडर भुनेश्वरी यादव, नीलमणि साहू सहित सरस्वती शिशु मंदिर के आचार्यगण, स्काउटर-गाइटर और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button