छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराजनीतीराज्य

अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी प्राथमिकता: केन्द्रीय राज्यमंत्री

मुंगेली में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित हुआ 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

अभय न्यूज मुंगेली, 30 सितंबर 2026।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मुंगेली जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मुंगेली विकासखंड के ग्राम सोढ़ार एवं चारभाठा में ‘आंगन मिलन सेवा, मातृ संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम में शिरकत कर महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न शासकीय योजनाओं की जमीनी प्रगति की समीक्षा की और हितग्राहियों से सीधा संवाद कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली।

कुपोषण मिटाने का संकल्प और सुपोषण टोकरी का वितरण

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी की। इसके साथ ही महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए ‘सुपोषण टोकरी’ का वितरण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित ग्रामीण जनों, महिलाओं और बच्चों को कुपोषण दूर भगाने एवं हमेशा सुपोषित रहने की शपथ दिलाई।

‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ का दिया नारा

पोषण स्तर में सुधार लाने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री ने मुनगा (सहजन) के औषधीय और पौष्टिक गुणों पर प्रकाश डाला। उन्होंने ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत सभी ग्रामीणों को अपने घर-आंगन में मुनगा के पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। श्री साहू ने कहा, “स्वस्थ बचपन ही मजबूत भविष्य की नींव है, इसलिए बच्चों और गर्भवती महिलाओं के खान-पान और टीकाकरण पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।”

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा विकास का लाभ

प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण और राशन कार्ड जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संदेश को रेखांकित करते हुए इसे पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया। इसके साथ ही उन्होंने देश को नशामुक्त बनाने और टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आम जनभागीदारी की अपील की।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों का सम्मान

ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं को मजबूती से लागू करने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों को मंच से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा उन्हें सेवा कार्यों के लिए प्रमाण पत्र और श्रीफल (नारियल) भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया गया।

हितग्राहियों ने सुनाई सफलता की कहानी

कार्यक्रम में ‘सेवा मेरी कहानी’ सत्र के अंतर्गत शासकीय योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों ने अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को साझा किया। महतारी वंदन योजना की हितग्राही श्रीमती पुनीता साहू तथा प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना की हितग्राही श्रीमती मनीषा राजपूत एवं श्रीमती संजना ठाकुर ने मंच से बताया कि किस प्रकार योजना से प्राप्त आर्थिक सहायता ने उनके जीवन को सुगम बनाया है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने भी अपने विचार रखे और महिलाओं को आत्मनिर्भर व स्वावलंबी बनाने की दिशा में सरकार के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शीलू साहू सहित भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button