छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराजनीतीराज्य

प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता पर किसानों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

कृषक उन्नति योजना के तहत मिलेगी सहायता राशि, कम मात्रा में धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी सत्यापित रकबे के आधार पर मिलेगा लाभ

अभय न्यूज मुंगेली, 14 नवंबर 2026।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की आदान सहायता राशि देने की घोषणा पर जिले के किसानों ने आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने 13 नवंबर को ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहा कि किसानों को यह सहायता राशि सत्यापित रकबे के आधार पर पात्रता अनुसार प्रदान की जाएगी। इसके लिए धान की निर्धारित पूरी मात्रा बेचना अनिवार्य नहीं होगा। कम मात्रा में धान विक्रय करने वाले पात्र किसानों को भी योजना का लाभ मिलेगा।

3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी धान खरीदी

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होगी। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। इस वर्ष 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं, जिसके बाद प्रदेशभर में कुल 3100 केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की जाएगी।

किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए महत्वपूर्ण पहल

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों और उनकी आर्थिक समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। कृषक उन्नति योजना के माध्यम से दी जाने वाली आदान सहायता राशि किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करेगी। किसानों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि खेती-किसानी की जरूरतों को पूरा करने में यह सहायता उपयोगी साबित होगी।

कंतेली में 465 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में मुंगेली जिले को 465 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक के 77 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 68 करोड़ रुपये से अधिक के 24 कार्यों का लोकार्पण तथा 397 करोड़ रुपये से अधिक के 53 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े इन कार्यों से जिले के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, पुन्नूलाल मोहले सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button