छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराजनीतीराज्य

धोबी समाज में एक संगठन और एक नेतृत्व की पहल तेज, 15 नवंबर को जांजगीर में जुटेंगे प्रदेशभर के समाज प्रमुख

33 जिलों और पांचों संभागों के प्रतिनिधियों की होगी सहभागिता, ‘एक समाज–एक संगठन–एक प्रदेश अध्यक्ष’ के प्रस्ताव पर होगा मंथन

अभय न्यूज मुंगेली, 14 नवंबर 2026।

छत्तीसगढ़ में धोबी समाज को संगठनात्मक रूप से एकजुट करने की पहल तेज हो गई है। अलग-अलग संगठनों और फिरकों में बंटे समाज को एक साझा मंच पर लाने तथा प्रदेश स्तर पर एक सर्वमान्य नेतृत्व स्थापित करने के उद्देश्य से रविवार, 15 नवंबर को जांजगीर में प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक का प्रमुख एजेंडा ‘एक समाज–एक संगठन–एक प्रदेश अध्यक्ष’ की व्यवस्था बनाने पर विचार-विमर्श करना है।

जांजगीर-चांपा जिले के जांजगीर स्थित डेस्टिनेशन इंग्लिश मीडियम स्कूल, पॉलिटेक्निक कॉलेज रोड, पेंड्री में सुबह 11 बजे से बैठक होगी। इसमें प्रदेश के पांचों संभागों और 33 जिलों से विभिन्न फिरकों एवं संगठनों के पदाधिकारी तथा समाज प्रमुख शामिल होंगे।

संगठनात्मक एकता और सर्वमान्य नेतृत्व पर होगी चर्चा

बैठक में समाज की वर्तमान संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही अलग-अलग संगठनों के बीच आपसी समन्वय स्थापित करने, मतभेद दूर करने और प्रदेश स्तर पर एक साझा नेतृत्व व्यवस्था विकसित करने जैसे विषयों पर चर्चा होगी। एक प्रदेश अध्यक्ष, संगठनात्मक ढांचे और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

बलौदाबाजार की बैठक में बनी थी सहमति

गौरतलब है कि इससे पहले बलौदाबाजार जिला मुख्यालय स्थित सामाजिक भवन में आयोजित समाज की बैठक में प्रदेश स्तर पर एक संगठन और एक प्रदेश अध्यक्ष बनाने के विषय पर विस्तृत चर्चा के लिए अगली बैठक जांजगीर-चांपा जिले में आयोजित करने का निर्णय लिया गया था। इसी निर्णय को आगे बढ़ाते हुए 15 नवंबर को जांजगीर में प्रदेश स्तरीय बैठक बुलाई गई है।

मुंगेली जिले से भी शामिल होंगे समाज प्रमुख

इस पहल का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों और फिरकों को एक मंच पर लाकर सामूहिक पहचान और संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करना है। बैठक में आपसी सहमति के आधार पर संगठन की भावी रूपरेखा तैयार करने पर जोर रहेगा। मुंगेली जिले से भी समाज प्रमुख इस बैठक में शामिल होंगे।

अब सबकी निगाहें 15 नवंबर को पेंड्री, जांजगीर में होने वाली इस बैठक पर टिकी हैं। प्रदेशभर के समाज प्रमुखों और पदाधिकारियों के विचार-विमर्श से धोबी समाज की आगामी संगठनात्मक दिशा और एक नेतृत्व की पहल को लेकर आगे की रणनीति तय होने की उम्मीद है। उक्त जानकारी प्रदेश मीडिया प्रभारी अशोक निर्मलकर ने दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button