कोदवाबानी से खुर्शी तक 3 किमी सड़क निर्माण को मिली मंजूरी, ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में दी स्वीकृति, बदहाल पहुंचमार्ग से मिलेगी राहत; कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगा लाभ
अभय न्यूज मुंगेली,14 नवंबर 2026।
जिले के ग्राम कोदवाबानी से ग्राम खुर्शी तक सड़क निर्माण की लंबे समय से लंबित मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम कंतेली के मिनी स्टेडियम में आयोजित भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कोदवाबानी से खुर्शी तक लगभग 3 किलोमीटर लंबे पहुंचमार्ग के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों को मिली सफलता
गौरतलब है कि कोदवाबानी से खुर्शी तक पहुंचमार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार मांग उठाई जा रही थी। इसी क्रम में भाजपा किसान मोर्चा के जिला आईटी सेल प्रभारी अरविन्द सिंह राजपूत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन को आवेदन सौंपकर सड़क निर्माण की मांग की थी। ग्रामीणों की इस मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए मुख्यमंत्री ने कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में सड़क निर्माण को स्वीकृति दी।

आवागमन के साथ विकास गतिविधियों को मिलेगी गति
सड़क निर्माण से कोदवाबानी और खुर्शी सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही कृषि कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों के लिए जरूरी सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।
क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर ग्रामवासियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रितेश यादव, जनपद अध्यक्ष ठा. रामकमल सिंह, जिला पंचायत सदस्य उमाशंकर साहू तथा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राजीव श्रीवास सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होकर गुणवत्ता के साथ पूरा होगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
