मुंगेली में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान, जनप्रतिनिधियों-अधिकारियों ने किया श्रमदान

गांधी जयंती पर स्वच्छता का संदेश; अटल परिसर में सफाई के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत हुआ वृक्षारोपण
अभय न्यूज मुंगेली, 02 अक्टूबर 2026।
सेवा संकल्प अभियान एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ और स्वच्छ भारत दिवस के तहत जिले में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

अभियान की शुरुआत पुराना बस स्टैंड स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के आसपास साफ-सफाई से हुई। इसके बाद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी स्टेडियम परिसर की पुष्पवाटिका, मैदान एवं चौपाटी क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अमर स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर वीर शहीद जवानों को नमन किया। इसके बाद स्वयं श्रमदान करते हुए अटल परिसर की साफ-सफाई की और स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

इस दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, शैलेष पाठक सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कचरे का उचित निपटान करने और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई के साथ आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सहभागिता बढ़ाना है।

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहकर सोच और जीवनशैली का हिस्सा बननी चाहिए। उन्होंने जिलेवासियों से घर, गली, मोहल्ले, गांव और शहर को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर स्वच्छता दीदियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं को स्वच्छता कार्य और वृक्षारोपण में योगदान के लिए प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

