Breaking Newsछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्य

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने जिला जेल मुंगेली का निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं और विधिक सहायता का लिया जायजा

बंदियों की समस्याएं सुनकर त्वरित विधिक सहायता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

अभय न्यूज मुंगेली, 27 अगस्त 2026।

छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली द्वारा जिला जेल मुंगेली का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जेल में निरुद्ध बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई तथा विधिक सहायता की स्थिति का जायजा लिया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी के मार्गदर्शन में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री सतीश कुमार खाखा ने जिला जेल का निरीक्षण किया। उन्होंने जेल प्रशासन से बंदियों की दैनिक आवश्यकताओं एवं उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान श्री खाखा ने विचाराधीन बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता की स्थिति की भी समीक्षा की। जिन बंदियों को विधिक सहायता की आवश्यकता है, उन्हें नियमानुसार समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों के साथ मानवीय एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उनकी मूलभूत आवश्यकताओं, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा यह सुनिश्चित करने कहा कि कोई भी पात्र बंदी आवश्यक विधिक सहायता से वंचित न रहे।

निरीक्षण के दौरान सिविल जज जूनियर डिवीजन मुंगेली कु. सिमर प्रीत सलूजा, यश मौर्य एवं जेल अधीक्षक कु. ममता पटेल उपस्थित रहीं।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button