खाना देर से बनाने पर पत्नी की जलती लकड़ी से पीटकर हत्या, पति को आजीवन कारावास

अभय न्यूज मुंगेली,27 नवंबर 2026।
खाना देर से बनाने की बात को लेकर पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को सत्र न्यायालय मुंगेली ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। सत्र न्यायाधीश एवं पीठासीन अधिकारी श्रीमती गिरिजा देवी मरावी ने प्रकरण में अभियोजन पक्ष के साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आरोपी तितरु बैगा को दोषसिद्ध कर आजीवन कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला चौकी खुड़िया, थाना लोरमी के अपराध क्रमांक 37/2025 एवं सत्र प्रकरण क्रमांक 8/2025 से संबंधित है। आरोपी तितरु बैगा (45 वर्ष), पिता स्वर्गीय वीर सिंह बैगा, निवासी ग्राम औरपानी, चौकी खुड़िया, थाना लोरमी पर अपनी पत्नी जुगरी बाई बैगा की हत्या का आरोप था।

अभियोजन के अनुसार, घटना के दिन खाना देर से बनाने की बात को लेकर आरोपी का अपनी पत्नी से विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने खाना बनाने वाले चूल्हे से जलती हुई लकड़ी की अंगीठी निकालकर पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी ने मृतिका को खटिया पर सुला दिया। मृतिका के पुत्र द्वारा पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद मामले का खुलासा हुआ। बताया गया कि रिपोर्ट के बाद आरोपी स्वयं को बसूला से चोट पहुंचाने लगा था।
प्रकरण में अभियोजन पक्ष ने अपना मामला सिद्ध करने के लिए न्यायालय के समक्ष कुल 15 गवाहों का परीक्षण कराया। साथ ही वैज्ञानिक प्रयोगशाला की रिपोर्ट में जप्त लकड़ी की अंगीठी, आरोपी की जर्सी एवं घटनास्थल पर मानव रक्त की उपस्थिति प्रमाणित हुई। इन साक्ष्यों को महत्वपूर्ण मानते हुए न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराया।
आरोपी 25 जनवरी 2025 से विचारण के दौरान लगातार जेल में निरुद्ध था। प्रकरण में अभियोजन की ओर से लोक अभियोजक रजनीकांत सिंह ठाकुर ने पैरवी की, जबकि मामले की विवेचना उप निरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी द्वारा की गई थी।
न्यायालय के इस फैसले से पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी पति को उसके अपराध के लिए आजीवन कारावास की सजा मिली है।

