मुंगेली व्यापार मेला में पहुंचे एसएसपी भोजराम पटेल, परिवार को समय देने और बच्चों की प्रतिभा प्रोत्साहित करने का दिया संदेश

‘पहल’ अभियान के तहत साइबर अपराधों के प्रति लोगों को किया जागरूक, मेले में बांटे गए 3 हजार जागरूकता पाम्पलेट
अभय न्यूज मुंगेली,29 नवंबर 2026।
नगर के शहीद धनंजय सिंह राजपूत स्टेडियम एवं बी.आर. साव स्कूल मैदान में आयोजित सात दिवसीय मुंगेली व्यापार मेला में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) शामिल हुए। लगातार तीसरे वर्ष मेले में पहुंचे एसएसपी ने आयोजन की सराहना करते हुए स्टार्स ऑफ टुमारो वेलफेयर सोसाइटी की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों को परिवार के साथ समय बिताने, सुरक्षित तरीके से मेले का आनंद लेने और बच्चों की कला एवं हुनर को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।

मेले में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने कहा कि रिश्ते केवल खून से नहीं बनते, बल्कि उन्हें समय और अपनापन देना पड़ता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने माता-पिता, जीवनसाथी और बच्चों के साथ पर्याप्त समय बिताएं तथा परिवार सहित सुरक्षित और आनंदपूर्वक मेले का भ्रमण करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बीच ऐसे आयोजन मनोरंजन के साथ सामाजिक जुड़ाव और तनावमुक्त जीवन जीने का अवसर भी प्रदान करते हैं। मेले के झूले और विभिन्न गतिविधियां केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि परिवार के साथ खुशियां बांटने का माध्यम हैं।

बच्चों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने में माता-पिता की भूमिका अहम
बच्चों की कला एवं प्रतिभा को प्रोत्साहित करने पर जोर देते हुए एसएसपी ने कहा कि हर घर में कोई न कोई कला और हुनर मौजूद होता है। जरूरत है उसे पहचानने और आगे बढ़ाने की। इसमें माता-पिता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए बताया कि माता-पिता के सहयोग और अवसर मिलने के कारण ही वे रायगढ़ जिले से निकलकर भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी बन सके। उन्होंने विश्वास जताया कि मुंगेली व्यापार मेला जैसे मंच से भविष्य में अनेक प्रतिभाएं उभरकर सामने आएंगी और अपनी पहचान स्थापित करेंगी। अंत में उन्होंने ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ श्लोक के माध्यम से सभी के सुखी, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

‘पहल’ अभियान के तहत बांटे गए 3 हजार साइबर जागरूकता पाम्पलेट
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी भोजराम पटेल के विशेष अभियान ‘पहल – बदलाव की शुरुआत, सुरक्षा के साथ’ के अंतर्गत मुंगेली पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसके तहत मेले में पहुंचे बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं पुरुषों सहित सभी आयु वर्ग के नागरिकों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए और लगभग 3 हजार जागरूकता पाम्पलेट वितरित किए।

साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत
मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी या संदेश के झांसे में न आएं। ऑनलाइन लालच में आकर अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

मुंगेली पुलिस का यह प्रयास है कि व्यापारिक एवं मनोरंजन आयोजनों के माध्यम से आमजन तक सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता और साइबर अपराधों से बचाव का संदेश भी पहुंचे, ताकि नागरिक जागरूक रहें और सुरक्षित वातावरण में ऐसे आयोजनों का आनंद ले सकें।


