
अभय न्यूज मुंगेली, 27 नवंबर 2026।
शहरवासियों के इंतजार की घड़ियां समाप्त होने जा रही हैं। मुंगेली का बहुप्रतीक्षित व्यापार मेला आज 27 नवंबर से उत्सव के रंग में रंगने जा रहा है। स्टार्स ऑफ टुमारो वेलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित 11वें मुंगेली व्यापार मेले का शुभारंभ वीर शहीद धनंजय सिंह स्टेडियम में शाम 5 बजे छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव के गरिमामय आतिथ्य में भव्य एवं रंगारंग समारोह के साथ होगा। 27 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलने वाले इस सात दिवसीय आयोजन को लोग अब मुंगेली का त्योहार कहने लगे हैं।

200 से अधिक स्टॉल होंगे आकर्षण का केंद्र
इस वर्ष मेले को नया स्वरूप दिया गया है। आयोजन समिति के संयोजक रामपाल सिंह ने बताया कि मेले की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस बार मेला परिसर को विस्तारित किया गया है, वहीं मंच को ‘समृद्धि छत्तीसगढ़’ की थीम पर तैयार किया गया है। मेले में 200 से अधिक स्टॉल लगाए जा रहे हैं। इनमें फिश टनल, ऑटोमोबाइल, फूड जोन, इलेक्ट्रिकल, बैंकिंग, रियल एस्टेट, हैंडीक्राफ्ट, शैक्षणिक संस्थान, सौंदर्य प्रसाधन, फर्टिलाइजर, कृषि उपकरण, टेराकोटा, खादी एवं अन्य वस्त्र, हर्बल उत्पाद, बस्तर आर्ट और महिला गृह उद्योगों के उत्पाद प्रमुख आकर्षण होंगे। बच्चों के लिए खिलौनों के साथ विभिन्न प्रकार के झूलों की भी व्यवस्था की गई है।
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
संस्था के अध्यक्ष महावीर सिंह ने बताया कि मेले में जिले की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें रंगोली, समूह नृत्य, चित्रकला, मेहंदी, रंग भरो, छत्तीसगढ़ी गीत गायन, ओपन माइक, ब्राइडल मेकअप, मिस एवं मिस्टर मुंगेली, हेयर स्टाइल और छत्तीसगढ़ी व्यंजन बनाओ प्रतियोगिता शामिल हैं। इसके माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

सातों दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगी शाम
व्यापार मेले में प्रतिदिन रात्रि को मनोरंजक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों की रूपरेखा इस प्रकार है—
– 27 नवंबर: छत्तीसगढ़ी लोककला मंच अंजोर की प्रस्तुति, जिसमें गरिमा एवं स्वर्णा दिवाकर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी।
– 28 नवंबर: छत्तीसगढ़ी लोककला मंच सोनहा माटी (भूपेंद्र जायसवाल) की प्रस्तुति। इसी दिन दोपहर 2 बजे रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।
– 29 नवंबर: छात्र-छात्राओं द्वारा समूह नृत्य की रंगारंग प्रस्तुति।
– 30 नवंबर: देश के सुप्रसिद्ध हास्य कवियों की उपस्थिति में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन।
– 1 दिसंबर: छत्तीसगढ़ी लोककला मंच चिन्हारी लोक मंजिरा (पायल साहू) की मनमोहक प्रस्तुति।
– 2 दिसंबर: छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक गोरेलाल बर्मन की संगीतमय प्रस्तुति।
– 3 दिसंबर: सैफ एंड सोहेल लाइव रॉक बैंड एवं ब्लिस ट्रूप कोलकाता की रंगारंग प्रस्तुति के साथ मेले का समापन।
व्यापार और स्थानीय उद्योगों को मिलेगा प्रोत्साहन
संस्था के सचिव विनोद यादव ने बताया कि व्यापार मेले का प्रमुख उद्देश्य लघु, कुटीर एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहित करना, स्थानीय उत्पादों को आम जनता तक पहुंचाना तथा व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना है। मेले में विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारियों और उद्यमियों को अपने उत्पादों एवं सेवाओं के प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।
आयोजन को लेकर शहरवासियों और व्यापारियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मेला परिसर में तैयारियों के साथ ही चहल-पहल बढ़ने लगी है। संस्था का प्रयास है कि इस आयोजन के माध्यम से मुंगेली की स्थानीय प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिले और शहर की सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक पहचान को नई ऊंचाई प्राप्त हो।

आयोजन को सफल बनाने में जुटी पूरी टीम
व्यापार मेले को सफल बनाने में संस्था के संयोजक रामपाल सिंह, सहसंयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, सचिव विनोद यादव, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार सहित दिनेश गोयल, सतपाल मक्कड़, गोखलेश सिंह, विकास जैन, देवेंद्र परिहार, दीपक जैन, रणवीर सिंह, श्रेणिक पारेख, नीलेश केशरवानी, आशीष सोनी, अनुराग सिंह, सूरज मंगलानी, गिरीश सुथार, मुकेश पांडेय, सुनील वाधवानी, अनीश जैन, देवशंकर श्रीवास्तव, गौरव जैन, कोमल चौबे, धीरज जैन, नागेश साहू, संदीप सिंह, पप्पू शर्मा, राहुल मल्लाह, पवन यादव, श्रेयांश बैद, आर्या सिंह, वासु पांडेय, आशीष सिंह, अजय चंद्राकर, राहुल साहू, वैभव ताम्रकार, रॉकी सलूजा, देवेंद्र गहरवार, दिलबाग सिंह, रवि साहू, चित्रकान्त सिंह, श्रीओम सिंह, रघुराज सिंह, सुरेश यादव, परमेश्वर देवांगन, संतोष जांगड़े एवं अमित साहू सहित संस्था के सभी सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

