मुंगेली व्यापार मेला के दूसरे दिन स्कूली बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां, रंगोली और समूह नृत्य में दिखी प्रतिभा

52 प्रतिभागियों ने रंगोली प्रतियोगिता में लिया हिस्सा, धार्मिक गीतों पर स्कूली बच्चों के नृत्य ने मोहा दर्शकों का मन; सोनहा माटी की प्रस्तुति पर देर रात तक झूमे लोग
अभय न्यूज मुंगेली,29 नवंबर 2026।
स्टार्स ऑफ टुमारो वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित 11वें मुंगेली व्यापार मेला के दूसरे दिन रंगोली प्रतियोगिता, स्कूली बच्चों की समूह नृत्य प्रस्तुतियों और छत्तीसगढ़ी लोककला मंच की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। मेले में बच्चों की रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा देखने को मिली। वहीं देर रात तक चले लोकगीतों और नृत्य ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।
दूसरे दिन के मंचीय कार्यक्रम का शुभारंभ मां वीणापाणि, भगवान गणेश एवं छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। संस्था के सचिव विनोद यादव ने स्वागत उद्बोधन देते हुए आयोजन में उपस्थित अतिथियों, संरक्षकों, प्रायोजकों, प्रतिभागियों, नगरवासियों, जिला प्रशासन, नगर पालिका परिषद मुंगेली एवं मेले में पहुंचे सभी लोगों का स्वागत किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्व की भांति सहयोग बनाए रखने की अपील की।
संस्था के संयोजक रामपाल सिंह ने मुंगेली व्यापार मेला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आयोजन का यह 11वां वर्ष है। मेले के माध्यम से लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देना, स्थानीय व्यापारिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना प्रमुख उद्देश्य है, ताकि यहां की प्रतिभाएं प्रदेश, देश और विदेश तक अपनी पहचान बना सकें। इसके साथ ही जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली संस्थाओं एवं व्यक्तियों को सम्मानित कर दूसरों को प्रेरित करने का प्रयास किया जाता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि स्टार्स ऑफ टुमारो की टीम द्वारा आयोजित मुंगेली व्यापार मेला अब जिले का एक बड़ा आयोजन बन चुका है। वे लगातार तीसरे वर्ष इस आयोजन में शामिल हुए हैं। मेले की भव्यता प्रशंसनीय है। उन्होंने हरियर मुंगेली-सुघ्घर मुंगेली अभियान के तहत वृक्षारोपण तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली संस्थाओं एवं व्यक्तियों के सम्मान की पहल को प्रेरणादायी बताया। उन्होंने संयोजक रामपाल सिंह, रामशरण यादव, महावीर सिंह, विनोद यादव, धनराज परिहार सहित पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
वरिष्ठ अधिवक्ता रवीन्दर छाबड़ा ने आयोजन समिति के सदस्यों की सेवाभावी भावना और सभी को सम्मान देने की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि वे जब तक रहेंगे, आयोजन समिति के साथ जुड़े रहेंगे। वहीं न्यू जनरेशन पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर राजेंद्र पाटकर ने कहा कि यह आयोजन शहरवासियों के लिए आनंद और उत्साह का अवसर है, लेकिन आयोजकों के लिए इतनी व्यवस्थाएं करना किसी चुनौती से कम नहीं है। सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्टॉल, झूले और स्वच्छता सहित सभी व्यवस्थाएं सराहनीय हैं।
रंगोली प्रतियोगिता में 52 प्रतिभागियों ने दिखाई रचनात्मकता
दूसरे दिन दोपहर में आयोजित ‘दीपावली स्पेशल’ रंगोली प्रतियोगिता में 52 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया। बच्चों एवं प्रतिभागियों ने आकर्षक रंगोली बनाकर अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में समीर मिरी ने प्रथम, आंचल देवांगन ने द्वितीय और अदिति शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक के रूप में विनीता जैन, श्वेता जैन, अपूर्वा जायसवाल एवं रानू सोनी उपस्थित रहीं। प्रतियोगिता के सफल संचालन में देवशंकर श्रीवास्तव, राहुल मल्लाह, आर्या सिंह एवं नागेश साहू का विशेष सहयोग रहा। विजेताओं को अतिथियों के हाथों पुरस्कार राशि एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

धार्मिक गीतों पर स्कूली बच्चों ने दी शानदार प्रस्तुति
शाम 6 बजे विद्यालयीन छात्र-छात्राओं की जूनियर वर्ग समूह नृत्य प्रतियोगिता आयोजित हुई। धार्मिक गीतों पर आधारित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित पालकों और नगरवासियों का खूब मनोरंजन किया। प्रतियोगिता में माईंड साइन पब्लिक स्कूल मुंगेली ने प्रथम, अल्फा पब्लिक स्कूल ने द्वितीय तथा एसएलएस पब्लिक स्कूल मुंगेली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक के रूप में डिंकी केशरवानी, गोपिका कश्यप एवं सम्प्रीत नागदेव उपस्थित रहीं। प्रतियोगिता का संचालन सतपाल मक्कड़, आशीष सोनी, अनुराग सिंह एवं सूरज मंगलानी ने किया।
सोनहा माटी के गीतों पर देर रात तक झूमे दर्शक
रात्रि 9 बजे छत्तीसगढ़ी लोककला मंच ‘सोनहा माटी’ की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति हुई। छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक भूपेंद्र जायसवाल एवं उनकी टीम ने प्रदेश की पारंपरिक लोककला, संस्कृति, गीत और नृत्य को जीवंत अंदाज में मंच पर प्रस्तुत किया। छत्तीसगढ़ी पारंपरिक गीतों की धुन पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे।

आयोजन को सफल बनाने में जुटी पूरी टीम
मुंगेली व्यापार मेला को सफल बनाने में संस्था के संयोजक रामपाल सिंह, सहसंयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, सचिव विनोद यादव, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार सहित दिनेश गोयल, सतपाल मक्कड़, गोखलेश सिंह, विकास जैन, देवेंद्र परिहार, दीपक जैन, रणवीर सिंह, श्रेणिक पारेख, नीलेश केशरवानी, आशीष सोनी, अनुराग सिंह, सूरज मंगलानी, गिरीश सुथार, मुकेश पांडेय, सुनील वाधवानी, अनीश जैन, देवशंकर श्रीवास्तव, गौरव जैन, कोमल चौबे, धीरज जैन, नागेश साहू, संदीप सिंह, पप्पू शर्मा, राहुल मल्लाह, पवन यादव, श्रेयांश बैद, आर्या सिंह, वासु पांडेय, आशीष सिंह, अजय चंद्राकर, राहुल साहू, वैभव ताम्रकार, रॉकी सलूजा, देवेंद्र गहरवार, दिलबाग सिंह, रवि साहू, चित्रकांत सिंह, श्रीओम सिंह, रघुराज सिंह, सुरेश यादव, परमेश्वर देवांगन, संतोष जांगड़े एवं अमित साहू सहित संस्था के सभी सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
