छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्यलाइफ स्टाइलस्वास्थ्य

मुंगेली में 1 से 14 दिसंबर तक मनेगा वजन त्यौहार, 0 से 6 वर्ष के बच्चों के पोषण स्तर की होगी जांच

कुपोषित एवं गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं से जोड़ा जाएगा

अभय न्यूज मुंगेली,28 नवंबर 2026।

जिले में बच्चों के पोषण स्तर का आकलन करने और कुपोषण की स्थिति में सुधार लाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 1 से 14 दिसंबर 2026 तक वजन त्यौहार 2026-27 का आयोजन किया जाएगा। इसके सफल एवं व्यवस्थित क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संजूला शर्मा के मार्गदर्शन में जनपद सभाकक्ष मुंगेली में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी गोपाल लांझी, परियोजना अधिकारी राजेन्द्र गेंदले, प्रियंका खरे, बीरेन्द्र खरे, सुधा पांडेय सहित पर्यवेक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान वजन त्यौहार के उद्देश्यों, कार्ययोजना, निर्धारित गतिविधियों और संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी कर्मचारियों की जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

जिला कार्यक्रम अधिकारी संजूला शर्मा ने बताया कि वजन त्यौहार का मुख्य उद्देश्य 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों का वजन एवं ऊंचाई मापकर उनके पोषण स्तर का आकलन करना है। इसके माध्यम से कुपोषित एवं गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाएगा। साथ ही गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं तथा किशोरी बालिकाओं के पोषण संबंधी पहलुओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

निर्धारित अवधि में जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का वजन एवं ऊंचाई मापकर प्राप्त आंकड़ों को पोषण ट्रैकर में दर्ज किया जाएगा। चिन्हित कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए आवश्यक परामर्श, स्वास्थ्य जांच एवं विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।

कार्यशाला में ग्राम पंचायतों, जनप्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों, मितानिनों, स्वास्थ्य विभाग तथा स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने मापन कार्य में सटीकता, निर्धारित समय-सीमा का पालन तथा नियमित पर्यवेक्षण एवं निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे 1 से 14 दिसंबर तक आयोजित वजन त्यौहार के दौरान अपने 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र लेकर पहुंचें, ताकि बच्चों के पोषण स्तर का सही आकलन कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं का लाभ दिलाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button