अपराधछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्य

ऑपरेशन बाज -किराना दुकान में ताबड़तोड़ कार्रवाई, 291 पाव देशी शराब जब्त

साइबर सेल और चिल्फी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार; अब तक 302 प्रकरणों में 308 आरोपी पकड़े गए

अभय न्यूज मुंगेली, 22 अगस्त 2026।

जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन बाज” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर सेल एवं थाना चिल्फी पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम बोड़तरा कला में दबिश देकर अवैध रूप से देशी शराब बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को 21 अगस्त को सूचना मिली थी कि ग्राम बोड़तरा कला का सुखचंदन जायसवाल अपने पूजा जनरल किराना दुकान के पीछे अवैध रूप से भारी मात्रा में देशी शराब रखकर ग्राहकों को बेच रहा है। सूचना पर साइबर सेल एवं थाना चिल्फी पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और दुकान के पीछे रखे शराब की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान 291 पाव देशी प्लेन शराब, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 52.38 बल्क लीटर बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 23,280 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नगद भी जब्त किए गए।

पुलिस ने आरोपी सुखचंदन जायसवाल, पिता स्व. सेवाराम, उम्र 46 वर्ष, निवासी बोड़तरा कला, थाना चिल्फी, जिला मुंगेली के विरुद्ध थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 115/2026, धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

ऑपरेशन बाज में अब तक 302 प्रकरण, 308 आरोपी गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले में 01 जनवरी 2026 से 20 अगस्त 2026 तक चलाए गए “ऑपरेशन बाज” के तहत अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की गई है। इस दौरान कुल 302 प्रकरण दर्ज कर 308 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार अब तक 685.09 बल्क लीटर शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 68 हजार 922 रुपये है, जब्त की जा चुकी है। कार्रवाई के दौरान 27 वाहन, जिनमें 26 मोटरसाइकिल और 01 चारपहिया वाहन शामिल हैं, भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button