छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्यलाइफ स्टाइलशिक्षा

मुंगेली पुलिस का साइबर जागृति अभियान: 1000 विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और यातायात नियमों की दी जानकारी

अभय न्यूज मुंगेली, 21 अगस्त 2026।

साइबर अपराधों से बचाव और विद्यार्थियों को कानून एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मुंगेली पुलिस द्वारा जिले में साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 19 अगस्त को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दशरंगपुर तथा 20 अगस्त को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। दोनों कार्यक्रमों में लगभग 1000 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

  • ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए उपाय

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें तथा OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। फर्जी फोन कॉल, संदिग्ध मैसेज और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ठगी एवं साइबर अपराधों से भी सतर्क रहने की अपील की गई।

नशे से दूर रहने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सड़क सुरक्षा के संबंध में हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की समझाइश दी गई।

POCSO एक्ट और नए आपराधिक कानूनों की दी जानकारी

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को POCSO एक्ट सहित नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी गई। पुलिस ने बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के शोषण, अपराध अथवा परेशानी की स्थिति में बिना भय के तत्काल पुलिस को सूचना दें।

जागरूकता सेल्फी के साथ लिया साइबर सुरक्षा का संकल्प

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने पुलिस टीम के साथ “जागरूकता की एक सेल्फी” ली और साइबर सुरक्षा के संदेश को अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

मुंगेली पुलिस ने बताया कि जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति और कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए साइबर जागृति अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button