महावीर सिंह ठाकुर समेत 9 सदस्य कम्युनिटी मेडिएशन पैनल में शामिल, विवादों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
मुंगेली में प्री-लिटिगेशन और कम्युनिटी मेडिएशन के लिए नए पैनल का गठन

अभय न्यूज मुंगेली, 8 अगस्त 2026।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली द्वारा मुकदमेबाजी से पूर्व विवादों के समाधान के लिए प्री-लिटिगेशन मेडिएशन एवं कम्युनिटी मेडिएशन पैनल का गठन किया गया है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार की गई है। यह आदेश प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली श्रीमती गिरिजा देवी मरावी के हस्ताक्षर से 4 अगस्त 2026 को जारी किया गया है। 
जारी आदेश के अनुसार, मेडिएशन एक्ट, 2023 की धारा 5(5) के तहत मुकदमेबाजी-पूर्व मध्यस्थता के लिए अधिवक्ता सदस्यों का पैनल गठित किया गया है। इसमें अधिवक्ता कन्हैया लाल शर्मा, अधिवक्ता संतोष सिंह ठाकुर, अधिवक्ता राजेन्द्र चंद्रवंशी एवं अधिवक्ता शाइना खान को शामिल किया गया है।
इसी प्रकार कम्युनिटी मेडिएशन के लिए सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं समुदाय से जुड़े सदस्यों को पैनल में शामिल किया गया है। इनमें रविकुमार शर्मा, संजय त्रिपाठी, संध्या राजपूत, श्वेता सोनी, महावीर सिंह ठाकुर, विजय यादव, बलदेव सिंह मंडावी, लवकुमार वैष्णव एवं लखन लाल साहू शामिल हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बताया गया है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य न्यायालय में मुकदमा पहुंचने से पहले ही पक्षकारों के बीच आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराने और समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण को बढ़ावा देना है।
