मुंगेली को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की 465 करोड़ की सौगात, 77 विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण

कंतेली में महाविद्यालय सहित 53 कार्यों का भूमिपूजन और 24 का लोकार्पण; 143 करोड़ की सड़क परियोजनाओं और 203 करोड़ से अधिक की जल प्रदाय योजना की शुरुआत

अभय न्यूज मुंगेली, 13 नवंबर 2026।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज शुक्रवार को ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुंगेली जिले को 465 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने कुल 77 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें 68 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 24 कार्यों का लोकार्पण तथा 397 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 53 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इन परियोजनाओं से जिले में सड़क, शिक्षा, सिंचाई, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।
सड़क और पेयजल परियोजनाओं पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में लगभग 143 करोड़ रुपये की लागत से 25 सड़क विकास कार्यों तथा अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत 203 करोड़ रुपये से अधिक की जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन किया गया है। इसके अलावा जल संसाधन विभाग के 40 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 11 कार्यों का लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री ने ग्राम कंतेली में पंचायत भवन एवं महाविद्यालय भवन, ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका तथा ग्राम कोदवा से खुर्शी तक सड़क मरम्मत एवं निर्माण की घोषणा भी की।
15 नवंबर से धान खरीदी, 3100 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा समर्थन मूल्य
मुख्यमंत्री साय ने किसानों के हित में सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। इस वर्ष 360 नए उपार्जन केंद्रों के साथ प्रदेश में कुल 3100 केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की दर से आदान सहायता राशि दी जाएगी। इसके लिए धान की निर्धारित पूरी मात्रा बेचना अनिवार्य नहीं होगा। कम मात्रा में धान बेचने वाले किसानों को भी सत्यापित रकबे के आधार पर पात्रता अनुसार सहायता राशि मिलेगी।

68 लाख महिलाओं को मिल रहा महतारी वंदन योजना का लाभ
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अब तक 33 किश्तों में 21 हजार 340 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने श्रीरामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076, सेवा सेतु पोर्टल और ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से मिल रही सुविधाओं की भी जानकारी दी। प्रधानमंत्री सूर्यघर बिजली योजना के जरिए उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत और सब्सिडी का लाभ मिलने की बात भी कही।
विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव, गरीब, किसान, मजदूर, माताओं-बहनों और युवाओं का सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्धता से काम कर रही है।

केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने जिले को 465 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिलने पर जिलेवासियों को बधाई दी। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जिले में विकास कार्यों को गति मिल रही है। उन्होंने बताया कि मुंगेली नगरीय निकाय क्षेत्र के लिए एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति मिल चुकी है। विधायक पुन्नूलाल मोहले ने भी विकास कार्यों की सौगात के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
तय समय-सीमा में पूरे होंगे विकास कार्य : कलेक्टर
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भूमिपूजन किए गए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाएगा। विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

हितग्राहियों को बांटी गई सामग्री और सहायता राशि
कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। मत्स्य विभाग की ओर से हितग्राहियों को आइस बॉक्स एवं महाजाल वितरित किए गए। सात हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। दिव्यांग सहायता योजना के तहत एक हितग्राही को 50 हजार रुपये का चेक दिया गया। वहीं तीन हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रतीकात्मक चाबियां सौंपी गईं। वीबी-जी रामजी के तहत आजीविका डबरी के चार हितग्राहियों को सम्मानित किया गया। कंतेली महाविद्यालय के विद्यार्थियों का बैच पहनाकर स्वागत भी किया गया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, उपाध्यक्ष शांति देवचरण भास्कर, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार ,उपाध्यक्ष पुष्पलता पद्मिनी मोहले सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा बिलासपुर आईजी रामगोपाल गर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर अंजोर सिंह पैकरा, मुंगेली एसडीएम मायानंद चंद्रा, पूर्व विधायक रजनीश सिंह, विक्रम मोहले, भूपेंद्र सिंह, चोवादास खांडेकर, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।


