छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्य

बिलासपुर रोड पर चला फिर जेसीबी, एसडीएम, तहसीलदार और सीएमओ की मौजूदगी में टूटे अवैध निर्माण

दोबारा कब्जा करने पर लगेगा भारी जुर्माना

अभय न्यूज मुंगेली,

नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान युद्ध स्तर पर जारी है। जिला कलेक्टर कुंदन कुमार के कड़े रुख और स्पष्ट निर्देश के बाद इसी कड़ी में प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने बिलासपुर मुख्य मार्ग पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यहाँ सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों और निर्माणों को जेसीबी के माध्यम से जमींदोज कर दिया गया। इस औचक कार्रवाई से पूरे इलाके के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है।

कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और नियमों के तहत काम पूरा करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल के साथ एसडीएम अजय शतरंज, तहसीलदार कुणाल पाण्डेय और नगर पालिका सीएमओ होरी सिंह ठाकुर सहित राजस्व, नजूल व नगर पालिका की पूरी टीम तैनात रही।

  • दुकानदारों और रसूखदारों को सख्त चेतावनी

बिलासपुर मुख्य मार्ग पर लंबे समय से सड़क किनारे अवैध रूप से चबूतरे,शेड और पक्के निर्माण कर लिए गए थे,जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था और दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता था। जिला प्रशासन के आला अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि नगर के सौंदर्यीकरण और आम जनता की सहूलियत के बीच आने वाले हर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जाएगा। यह कार्रवाई किसी व्यक्ति विशेष को देखकर नहीं,बल्कि नियमों के तहत निष्पक्ष रूप से की जा रही है।वही अधिकारियों ने ये भी कहाकि अतिक्रमण हटाए जाने के कार्रवाई के बाद भी अगर किसी के द्वारा पुनः कब्जा या निर्माण किया जाता है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इस पूरी कार्रवाई के दौरान मौके पर पटवारी आशीष क्षत्रिय, नगर पालिका इंजीनियर नेमीचंद वर्मा सहित राजस्व और पालिका के अन्य कर्मचारी व सुरक्षाकर्मी मुस्तैद रहे, ताकि पैमाइश और तोड़फोड़ की कार्रवाई में कोई बाधा न आए।

कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों ने इस अभियान के उद्देश्य और भविष्य की रणनीति को लेकर अपनी बात रखी

कलेक्टर महोदय के स्पष्ट निर्देश हैं कि मुंगेली नगर को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाना हमारी प्राथमिकता है। बिलासपुर मुख्य मार्ग पर यातायात को बाधित करने वाले अतिक्रमण को हटाया गया है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। नियम सबके लिए बराबर हैं,अतिक्रमण करने वाला व्यक्ति चाहे कितना भी रसूखदार क्यों न हो,कार्रवाई नियम के तहत ही होगी।

  • अजय शतरंज,एसडीएम,मुंगेली

राजस्व और नजूल विभाग की टीमों द्वारा शासकीय भूमि का सीमांकन कर यह कार्रवाई की जा रही है। किसी भी शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो लोग स्वेच्छा से अपना अतिक्रमण नहीं हटा रहे हैं,उनके खिलाफ प्रशासन इसी तरह सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाएगा।

  • कुणाल पाण्डेय,तहसीलदार,मुंगेली

नगर के मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण के कारण आम जनता और वाहनों के आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। नगर पालिका की टीम मुंगेली के सौंदर्यीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। आज बिलासपुर मार्ग को साफ कराया गया है और आने वाले दिनों में शहर के अन्य हिस्सों में भी यह मुहिम चलाई जाएगी। दोबारा कब्जा करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

  • होरी सिंह ठाकुर,सीएमओ,नगर पालिका परिषद,मुंगेली

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button