छत्तीसगढ़ जनसंपर्कतकनीकीमुंगेलीराजनीतीराज्य

केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के प्रयासों से मुंगेली को मिली बडी सौगात: पहली बार खुला सीएसआर खाता, सेतगंगा, सरगांव, मदकु द्वीप और लोरमी के विकास हेतु ₹74.42 लाख के टेंडर जारी

अभय न्यूज मुंगेली,18 अक्टूबर 2026।

क्षेत्र के चहुंमुखी विकास और जनसेवा को समर्पित केंद्रीय आवास और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू की दूरदर्शी सोच और असीम प्रयासों से मुंगेली जिले के विकास इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मुंगेली जिले में सीएसआर (CSR) का आधिकारिक खाता तक नहीं था, जिसके कारण बड़े औद्योगिक फंड्स का लाभ जिले को नहीं मिल पाता था।

लेकिन राज्य मंत्री तोखन साहू के निरंतर व्यक्तिगत प्रयासों और प्रशासनिक समन्वय के फलस्वरूप मुंगेली जिले में पहली बार आधिकारिक तौर पर सीएसआर मद का खाता खोला गया है। मुंगेली जिले को यह अभूतपूर्व सौगात दिलाकर केंद्रीय राज्य मंत्री ने यह साबित कर दिया है कि वे अपनी मातृभूमि और क्षेत्र की जनता की हर जरूरत के प्रति कितने संवेदनशील हैं। उनके इस ऐतिहासिक कदम से जिले के विकास के लिए सीएसआर फंड का मार्ग प्रशस्त हुआ है, जिसकी परिकल्पना जिलेवासी लंबे समय से कर रहे थे।

राज्य मंत्री तोखन साहू की इस विशेष पहल के परिणामस्वरूप एसईसीएल (SECL) मुख्यालय बिलासपुर के सौजन्य से मुंगेली जिले में कुल 74,42,711.50 रुपये (चौहत्तर लाख ब्यालीस हजार सात सौ ग्यारह रुपये बावन पैसे) की लागत से विभिन्न अधोसंरचनात्मक एवं जनहितकारी निर्माण कार्यों के लिए प्रशासकीय स्वीकृति जारी होने के साथ ही टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं।

जनहित और विकास को समर्पित स्वीकृत प्रमुख कार्य

केंद्रीय मंत्री तोखन साहू के यशस्वी प्रयासों से स्वीकृत इन विकास कार्यों से सीधे तौर पर किसानों, पर्यटकों और आम नागरिकों को लाभ मिलेगा:

* किसानों के लिए विश्राम कक्ष (सेतगंगा): मुंगेली क्षेत्र के अन्नदाताओं की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए सेतगंगा में ₹19,99,785.52 की लागत से अत्याधुनिक किसानों हेतु विश्राम कक्ष का निर्माण कराया जाएगा।

* किसानों के लिए विश्राम कक्ष (सरगांव): पथरिया विकासखंड के सरगांव में भी किसानों की सुविधा के लिए ₹18,32,997.49 की लागत से एक और भव्य विश्राम कक्ष बनेगा।

* पर्यटक विश्राम गृह (मदकु द्वीप): पथरिया के ऐतिहासिक एवं धार्मिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल मदकु द्वीप में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ₹18,32,997.49 की लागत से सुंदर पर्यटक विश्राम गृह का निर्माण होगा।

* सांस्कृतिक मंच शेड (लोरमी): लोरमी में राजपूत भवन के पास सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों की सुगमता के लिए ₹17,76,931.00 की लागत से भव्य मंच शेड का निर्माण किया जाएगा।

विकास की इस नई बयार से जनमानस में हर्ष

कलेक्टर कार्यालय मुंगेली द्वारा जारी आदेश के अनुसार इन सभी विकास कार्यों के सुचारू संचालन के लिए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग, मुंगेली को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त किया गया है।

जिले में पहली बार सीएसआर मद का खाता खुलवाकर इतनी बड़ी सौगात लाने वाले लोकप्रिय केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू की इस राजनैतिक दूरदर्शिता और विकासपरक कार्यशैली की मुंगेली जिले के प्रबुद्ध नागरिकों, किसानों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने दिल खोलकर भूरि-भूरि प्रशंसा की है। राज्य मंत्री साहू के इस नेतृत्व से क्षेत्र के विकास को एक नई गति और दिशा मिली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button