छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्यशिक्षा

संविधान दिवस पर मुंगेली जिले में विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन, विद्यार्थियों को बताए मौलिक अधिकार और कर्तव्य

अभय न्यूज मुंगेली,26 नवंबर 2026।

संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2026 को मुंगेली जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली द्वारा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष के मार्गदर्शन में इन शिविरों का आयोजन किया गया।

इस दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सतीश कुमार खाखा, प्रशिक्षु न्यायाधीश सुश्री सिमर प्रीत सालूजा एवं यश मौर्य ने डॉ. भीमराव अंबेडकर शिक्षा संस्थान मुंगेली में शिविर आयोजित किया। वहीं न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी दीपक कुमार शर्मा ने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल धरमपुरा तथा देवेन्द्र कुमार दीक्षित ने स्वामी आत्मानंद स्कूल लोरमी में विद्यार्थियों को विधिक जानकारी दी।

इसी क्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट कनिष्ठ श्रेणी सुश्री नारायणी कच्छप ने शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला करही, सुश्री श्रेया तुलावी ने शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला देवरी तथा सुश्री अतनु प्रसाद ने कस्तूरबा गांधी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुंगेली में शिविर का आयोजन किया।

शिविरों में विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित आमजनों को भारतीय संविधान के महत्व, नागरिकों के मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही संविधान में प्रदत्त अधिकारों और नागरिकों की जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।

इसके अतिरिक्त लीगल एड डिफेंस काउंसिल एवं पैरालीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भी विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा चौक-चौराहों पर रैली निकालकर आम नागरिकों को संविधान एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

विद्यालयों के प्राचार्यों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता शिविर आयोजित करने की आवश्यकता जताई। इन आयोजनों का उद्देश्य आम नागरिकों एवं विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button