छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्यलाइफ स्टाइलशिक्षा

मुंगेली में गरबा महोत्सव से जगराता तक साइबर सुरक्षा का संदेश, 7 हजार श्रद्धालुओं को किया जागरूक

‘पहल’ अभियान के तहत एसएसपी भोजराम पटेल ने संभाला मोर्चा, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचने की दी सलाह

अभय न्यूज मुंगेली, 14 अक्टूबर 2026।

नवरात्रि के उत्सव के बीच मुंगेली पुलिस साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूकता की मुहिम चला रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में सेंट जेवियर स्कूल एवं रोट्रेक्ट क्लब मुंगेली के गरबा महोत्सव से लेकर दाऊपारा के जगराता कार्यक्रम तक लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीके बताए गए। पुलिस के अनुसार, जगराता में डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से लगभग 7,000 श्रद्धालुओं तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया।

गरबा-डांडिया प्रतिभागियों को बनाया साइबर सुरक्षा का संदेशवाहक

13 अक्टूबर को एसएसपी भोजराम पटेल सेंट जेवियर स्कूल मुंगेली एवं रोट्रेक्ट क्लब द्वारा आयोजित नवदुर्गा गरबा महोत्सव में शामिल हुए। यहां ‘पहल’ अभियान के तहत गरबा और डांडिया प्रतिभागियों सहित दर्शकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। प्रतिभागियों को अभियान के बैज लगाकर सतर्क रहने और दूसरों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

जगराता में डिजिटल स्क्रीन से पहुंचा साइबर सुरक्षा संदेश

दाऊपारा मुंगेली में रेस्ट हाउस के पास आयोजित जगराता कार्यक्रम में भी साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। डिजिटल स्क्रीन पर वीडियो और संदेश प्रदर्शित कर श्रद्धालुओं को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट और फर्जी लुभावने ऑफर्स से सतर्क रहने की अपील की गई।

इस दौरान प्र. उप निरीक्षक सीमा, सहायक उप निरीक्षक मधुकर रात्रे एवं बबीता श्रीवास ने साइबर ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी।

इन सावधानियों से बच सकते हैं साइबर ठगी से

मुंगेली पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि—

* अनजान लिंक पर क्लिक न करें और संदेहास्पद ऐप डाउनलोड करने से बचें।

* बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, सीवीवी और पासवर्ड किसी से साझा न करें।

* फर्जी लॉटरी, वर्क-फ्रॉम-होम ऑफर और सोशल मीडिया पर आने वाले संदिग्ध कॉल या संदेशों के झांसे में न आएं।

* साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या [www.cybercrime.gov.in](https://www.cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराएं।

नवरात्रि और दशहरा तक जारी रहेगा अभियान

मुंगेली पुलिस के अनुसार, ‘पहल’ अभियान के तहत नवरात्रि एवं दशहरा के दौरान विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों में साइबर जागरूकता गतिविधियां जारी रहेंगी। इसका उद्देश्य नागरिकों को डिजिटल अपराधों के प्रति सतर्क करना और सुरक्षित डिजिटल वातावरण के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button