सरकारी क्वार्टर में फंदे पर लटकी मिली महिला स्वास्थ्य अधिकारी की लाश, मुंगेली के धरमपुरा उप-स्वास्थ्य केंद्र में मंचा हड़कंप

अभय न्यूज मुंगेली/जरहागांव,20 अक्टूबर 2026।
मुंगेली जिले के जरहागांव थाना अंतर्गत ग्राम धरमपुरा से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ के उप-स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) कमलेश्वरी साहू (28 वर्ष) की लाश उनके शासकीय क्वार्टर में फांसी के फंदे पर लटकती हुई मिली है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की बारीक जांच शुरू कर दी है।

नौकरानी के पहुंचने पर हुआ घटना का खुलासा
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका कमलेश्वरी साहू (मूल निवासी रामायण चौक, खर्री पारा मुंगेली) धरमपुरा उप-स्वास्थ्य केंद्र में CHO के पद पर सेवाएं दे रही थीं। रविवार (18 अक्टूबर 2026) की शाम जब उनकी नौकरानी रोज की तरह झाड़ू-पोछा करने के लिए क्वार्टर पहुंची, तो अंदर से दरवाजा बंद था। काफी आवाज देने और खटखटाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो नौकरानी ने घबराकर तुरंत इसकी सूचना गांव के कोटवार और स्थानीय ग्रामीणों को दी। इसके बाद परिजनों को बुलाया गया और जब दरवाजा खोला गया, तो अंदर कमलेश्वरी की लाश फंदे से लटक रही थी।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही जरहागांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। रविवार की रात अधिक होने के कारण शव को जिला अस्पताल मुंगेली के मरचुरी (शव गृह) में सुरक्षित रखवाया गया था। इसके बाद सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 को डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के पिता अर्जुन साहू (55 वर्ष) की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है।

पीएम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
महिला स्वास्थ्य अधिकारी ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया या इसके पीछे क्या कारण थे, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। जरहागांव पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से विवेचना की जा रही है और पोस्टमार्टम (PM) रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

