सड़क निर्माण की सुस्ती ने ली महिला की जान: मुंगेली-कवर्धा मार्ग पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की दर्दनाक मौत, खून से लाल हुई खराब सड़क

मौत का हाईवे बना मुंगेली-जबलपुर नेशनल हाईवे!
अभय न्यूज मुंगेली,10 अक्टूबर 2026।
मुंगेली-कवर्धा मुख्य मार्ग पर चतरखार के पास आज एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल पर सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है, वहीं निर्माणाधीन सड़क की बदहाली और अधिकारियों की घोर लापरवाही को लेकर जनता का गुस्सा फूट पड़ा है।
ट्रक की टक्कर से मौके पर ही थमी सांसें
मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना मुंगेली-कवर्धा मुख्य मार्ग पर चतरखार गांव के पास हुई। एक बेकाबू ट्रक (क्रमांक CG 27 TG 8156) ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई और तड़प-तड़प कर मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मौत का हाईवे बना मुंगेली-जबलपुर नेशनल हाईवे!
इस दर्दनाक हादसे ने मुंगेली-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े इस मार्ग के निर्माण कार्य की पोल खोलकर रख दी है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि महीनों से चल रहे सड़क निर्माण कार्य की गति कछुआ चाल से भी धीमी है। ठेकेदार और संबंधित विभाग द्वारा घोर लापरवाही बरती जा रही है। खराब गुणवत्ता, जगह-जगह बिखरी गिट्टियां और गड्ढे आए दिन हादसों को न्योता दे रहे हैं।

न डाइवर्जन बोर्ड, न सुरक्षा संकेतक: जिम्मेदारों पर कब होगी FIR?
हादसे के बाद जनता का सीधा सवाल है कि करोड़ों के निर्माण कार्य में आम जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ क्यों किया जा रहा है? निर्माणाधीन मार्ग पर न तो पर्याप्त सुरक्षा संकेतक (रेडियम बोर्ड) लगाए गए हैं और ना ही यातायात को नियंत्रित करने के कोई इंतजाम हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस हादसे की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच हो, दोषी निर्माण एजेंसी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और सड़क का काम समय सीमा में पूरा कराया जाए।
क्या जिम्मेदार विभाग और प्रशासन इस खूनी हादसे के बाद भी गहरी नींद से जागेगा, या फिर भ्रष्टाचार और सुस्त कार्यप्रणाली की बलि चढ़कर मासूम लोग ऐसे ही अपनी जान गंवाते रहेंगे?