छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कतकनीकीमुंगेलीराज्यलाइफ स्टाइलशिक्षा

फास्टरपुर कॉलेज में मुंगेली पुलिस का “साइबर जागृति अभियान”; रंगोली से दिया सुरक्षित इंटरनेट का संदेश, 300 से अधिक छात्र-छात्राओं को मिले सुरक्षा टिप्स

अभय न्यूज मुंगेली/फास्टरपुर, 29 सितंबर 2026।

छत्तीसगढ़ शासन एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” के तहत जिला मुंगेली पुलिस द्वारा युवाओं को डिजिटल अपराधों के प्रति सचेत करने का सिलसिला जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) भोजराम पटेल के कुशल मार्गदर्शन में आज शासकीय नवीन महाविद्यालय फास्टरपुर-सेतगंगा में एक दिवसीय वृहद साइबर जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया, जिसमें 300 से अधिक छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों ने हिस्सा लिया।

सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव की सबसे मजबूत ढाल: एएसपी नवनीत कौर

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) नवनीत कौर छाबड़ा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में केवल सतर्क रहकर ही साइबर ठगी से बचा जा सकता है। उन्होंने युवाओं को नए दौर के आधुनिक साइबर खतरों जैसे—डिजिटल अरेस्ट, ‘मनी म्यूल’ (Money Mule), लॉटरी/पार्ट-टाइम जॉब स्कैम, फर्जी लोन ऐप्स और ब्लैकमेलिंग के प्रति विशेष रूप से आगाह किया।

विद्यार्थियों को दी गई तकनीकी और सुरक्षात्मक जानकारियां

कार्यशाला के दौरान पुलिस टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए निम्नलिखित महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए:

* गोपनीयता की रक्षा:  कभी भी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंक ओटीपी (OTP), यूपीआई पिन (UPI PIN), सीवीवी (CVV) या पासवर्ड साझा न करें।

* अज्ञात लिंक एवं ऐप्स से दूरी: सोशल मीडिया या एसएमएस (SMS) पर मिलने वाले संदेहास्पद लिंक और एपीके (APK) फाइल्स पर क्लिक करने से बचें।

* सोशल मीडिया प्राइवेसी: अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) हमेशा चालू रखें।

* 1930 हेल्पलाइन का उपयोग: यदि कोई अनजाने में साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है, तो बिना समय गंवाए तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 डायल करे या *cybercrime.gov.in* पर शिकायत दर्ज कराए।

रंगोली प्रतियोगिता से डिजिटल सतर्कता का संदेश और पौधारोपण

इस अभियान को रचनात्मक रूप देने के लिए कॉलेज में साइबर सुरक्षा थीम पर एक रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से सुरक्षित इंटरनेट उपयोग का शानदार संदेश दिया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को स्मृति-चिह्न व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए पुलिस अधिकारियों, शिक्षकों और छात्रों ने कॉलेज परिसर में पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ पौधारोपण भी किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के.के. मिश्रा, प्राध्यापकगण, फास्टरपुर थाना प्रभारी रघुवीर लाल चंद्रा, सउनि मधुकर रात्रे, बबीता श्रीवास सहित पुलिस बल और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button