गाजे-बाजे और आतिशबाजी के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर किया गौरा-गौरी का स्वागत

सुआ नृत्य और पारंपरिक गीतों के बीच निकली गौरा-गौरी यात्रा, कोदवाबानी में उमड़ा उत्साह
अभय न्यूज मुंगेली 08 नवंबर 2026।
ग्राम कोदवाबानी में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार गौरा-गौरी पर्व इस वर्ष भी पूरे उत्साह, श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। गाजे-बाजे और आतिशबाजी के बीच गौरा-गौरी की भव्य यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर पूजा-अर्चना की तथा जगह-जगह भव्य स्वागत किया।
यात्रा में युवाओं ने पारंपरिक खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं युवतियों और महिलाओं ने बड़ी संख्या में सुआ नृत्य प्रस्तुत कर लोक संस्कृति की मनमोहक छटा बिखेरी। पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय और उत्सवी माहौल में सराबोर रहा।
गौरा-गौरी यात्रा के दौरान ग्रामीणों की सहभागिता और पारंपरिक रीति-रिवाजों के प्रति उत्साह देखते ही बना। पूरे आयोजन ने गांव की समृद्ध लोक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और आपसी सहभागिता की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
