
जांजगीर में एसपी कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, धार्मिक भावनाएं आहत करने और यादव समाज पर कथित अभद्र टिप्पणी का लगाया आरोप
अभय न्यूज जांजगीर, 13 नवंबर 2026।
भगवान श्रीकृष्ण के कथित अपमान और यादव समाज के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा ने शुक्रवार, 13 नवंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय जांजगीर पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री और दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर संगीत रागी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

धीरेंद्र शास्त्री पर भगवान श्रीकृष्ण के अपमान का आरोप
अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के जिलाध्यक्ष गिरधारी यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री द्वारा व्यासपीठ से भगवान श्रीकृष्ण के लिए कथित रूप से अपमानजनक शब्दों और अभद्र भाव-भंगिमा का प्रयोग किया गया। महासभा का आरोप है कि इस दौरान भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के अनुयायियों के बीच विभाजन पैदा करने वाली बातें भी कही गईं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
प्रोफेसर संगीत रागी पर यादव समाज के अपमान का आरोप
महासभा ने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर संगीत रागी पर भी टीवी डिबेट के दौरान यादव समाज को कथित रूप से ‘गंवार’ कहने का आरोप लगाया। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि इस तरह की टिप्पणी पूरे यादव समाज के सम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाली है।
निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग
इन दोनों मामलों को लेकर यादव महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और आरोपों की जांच कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की। महासभा ने कहा कि धार्मिक आस्था और किसी भी समाज के सम्मान के विरुद्ध की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के जिलाध्यक्ष गिरधारी यादव, राष्ट्रीय सचिव डी.आर. यादव, प्रदेश सचिव परमेश्वर धनु यादव, डॉ. प्रतीक यादव, युवा यादव महासभा के जिलाध्यक्ष अंशु यादव, महिला यादव महासभा की जिलाध्यक्ष संगीता यादव सहित शोभाराम यादव, डॉ. सोनू यादव, कोमल यादव, राजा यादव, ललित यादव, गोलू यादव, गणेश यादव, नरेंद्र यादव, पुष्पेंद्र यादव और राजू यादव सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
