बांकी में 14 वर्षों से जगमगा रही महालक्ष्मी उत्सव की परंपरा, पांच दिन तक भक्ति और उल्लास का रहा माहौल

धनतेरस से भाई दूज तक मां महालक्ष्मी, मां सरस्वती और भगवान गणेश की हुई पूजा-अर्चना; बच्चों के लिए आयोजित हुईं विविध प्रतियोगिताएं
अभय न्यूज मुंगेली/ बांकी 13 नवंबर 2026।
दीपावली के पावन अवसर पर होल्हाबाग नवयुवा समिति बांकी द्वारा 14 वर्षों से चली आ रही परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी पांच दिवसीय महालक्ष्मी उत्सव हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। धनतेरस से भाई दूज तक आयोजित इस उत्सव में मां महालक्ष्मी, मां सरस्वती एवं भगवान गणेश की विधिवत स्थापना कर पूजा-अर्चना की गई। पांच दिनों तक पूरा गांव भक्तिमय और उत्सवी माहौल में सराबोर रहा।

बच्चों की प्रतिभा को मिला मंच, हुईं रोचक प्रतियोगिताएं
उत्सव के दौरान बच्चों की प्रतिभा निखारने और उनमें रचनात्मकता एवं उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न मनोरंजक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें जलेबी दौड़, फुगड़ी, रंगोली, नींबू दौड़, बोरा दौड़, मेंढक दौड़, गुब्बारा फोड़ और कुर्सी दौड़ सहित कई गतिविधियां शामिल रहीं। बच्चों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सामूहिक महाआरती में उमड़ी श्रद्धा
दीपावली के अवसर पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकजुट होकर मां महालक्ष्मी की आरती की और सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। सामूहिक महाआरती ने गांव में आस्था, एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

14 वर्षों से संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश दे रही समिति
समिति के अध्यक्ष पवन निर्मलकर ने कहा कि सनातन संस्कृति में पर्व और त्योहारों का विशेष महत्व है। इनका उद्देश्य समाज को आध्यात्मिकता की ओर प्रेरित करने के साथ आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। इसी भावना के साथ होल्हाबाग नवयुवा समिति विगत 14 वर्षों से ग्राम बांकी में महालक्ष्मी उत्सव का आयोजन करती आ रही है।
समिति के उपाध्यक्ष मयंक कैवर्त ने कहा कि धनतेरस से भाई दूज तक पांच दिनों तक गांव में उत्सव का माहौल रहा। बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का मंच दिया गया। ऐसे आयोजन सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

समिति सदस्यों और ग्रामीणों का रहा सराहनीय योगदान
पांच दिवसीय आयोजन को सफल बनाने में समिति के संस्थापक रामपाल सिंह ठाकुर, संयोजक नागेश साहू, अध्यक्ष पवन निर्मलकर, हरिओम सिंह, विकास सिंह, अंशुल पूरी, योगेश गोस्वामी, सनत साहू, रिकेश पूरी, मयंक कैवर्त, अमित गिरी, ब्रजराज पूरी, पिंटू पूरी, भोला पूरी, देवराज साहू, योगेंद्र साहू, गप्पू गोस्वामी, रामावतार कैवर्त, गोपाल यादव, बबलू साहू, यशवंत साहू, राकेश यादव, मुकेश निर्मलकर, चंदन पूरी, मुकेश श्रीवास, टेकु साहू, रिंकू पूरी, रमाकांत निषाद, भुवन साहू, प्रदीप श्रीवास, निरंजन, भूपेंद्र, टाइगर, राघवेंद्र, रवि, सत्येंद्र, अश्विनी, राजू, छोटू, मोनू, किशन, खेलावन, रिंकू, संजय, सुमित, रंजीत, जीवेश, यशयन्त, गुड्डू, संजू, दिलीप, मोहित और राहुल सहित समिति के समस्त सदस्यों एवं ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।


