छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्य

मुंगेली पुलिस की बड़ी पहल: सतनाम भवन में 300 से अधिक पेंशनर्स और खुड़िया के वनांचल ग्रामीणों को दी गई साइबर सुरक्षा की सीख

अभय न्यूज मुंगेली,29 सितंबर 2026।

छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी **”साइबर जागृति अभियान”** के तहत जिला मुंगेली पुलिस द्वारा लगातार आम जनता को डिजिटल ठगी से बचाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) **श्री भोजराम पटेल** के कुशल मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक **डॉ. प्रशांत शुक्ला** के पर्यवेक्षण में जिला मुंगेली पुलिस द्वारा वरिष्ठ नागरिकों और वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

**300 से अधिक पेंशनधारियों को डिजिटल फ्रॉड से बचने के बताए उपाय**

मुंगेली के सतनाम भवन में छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ (संभाग बिलासपुर) का एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व न्यायाधीश (उच्च न्यायालय बिलासपुर) **न्यायमूर्ति डॉ. चंद्रभूषण बाजपेयी** एवं पूर्व आईएएस **डॉ. रमेश चंद्र श्रीवास्तव** उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित **300 से अधिक पेंशनरों** को संबोधित करते हुए सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े ने वरिष्ठ नागरिकों को निशाना बनाने वाले साइबर अपराधों की जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, पेंशन/केवाईसी अपडेट के फर्जी लिंक, लॉटरी, अनजान वीडियो कॉल तथा जीवन प्रमाण-पत्र के नाम पर होने वाले बैंक फ्रॉड के तौर-तरीकों को विस्तार से समझाया। साथ ही सभी बुजुर्गों को किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंक खाता विवरण, ओटीपी (OTP) या सीवीवी नंबर साझा न करने की सख्त समझाइश दी।

**खुड़िया के साप्ताहिक बाजार में लगी पुलिस की जनचौपाल**

शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ मुंगेली पुलिस की टीम समाज के अंतिम छोर तक पहुंच रही है। जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र ग्राम खुड़िया के साप्ताहिक बाजार में पुलिस टीम (उप निरीक्षक सीमा, हर्षा वर्मा, सउनि मधुकर रात्रे एवं आरक्षक बबीता श्रीवास) द्वारा एक विशेष जनचौपाल लगाई गई। पुलिस टीम ने बाजार में आए पर्यटकों, ग्रामीणों, महिलाओं एवं बच्चों को सरल व स्थानीय भाषा में सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी लोन ऐप और यूपीआई ठगी के खतरों से आगाह किया।

**ठगी होने पर तुरंत डायल करें 1930**

पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों और बुजुर्गों को बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति अनजाने में साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो उसे घबराने की जरूरत नहीं है। ठगी होने के तुरंत बाद ‘गोल्डन ऑवर’ (शुरुआती 1-2 घंटे) के भीतर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर **1930** पर कॉल करें या **www.cybercrime.gov.in** पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। ऐसा करने से ठगी गई राशि को ठगों के खाते में ही होल्ड (फ्रीज) कराया जा सकता है। मुंगेली पुलिस का “साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़” के संकल्प के साथ समाज के हर वर्ग को जागरूक और सशक्त बनाने का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button