मुंगेली में खुले बिजली तार की चपेट में आई गाय की मौत, फ्यूज कॉल व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

परमहंस वार्ड में आधे घंटे तक तड़पती रही गाय, वार्डवासियों का आरोप—बार-बार फोन के बावजूद नहीं मिली समय पर मदद
अभय न्यूज मुंगेली,26 सितंबर 2026।
शहर के परमहंस वार्ड, रायपुर रोड स्थित बालाजी ऑटो पार्ट्स के पास ट्रांसफार्मर के आसपास खुले तारों की चपेट में आने से एक गाय की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन फ्यूज कॉल सेवा को लेकर वार्डवासियों में नाराजगी है।
वार्डवासियों के अनुसार, करंट की चपेट में आने के बाद गाय करीब आधे घंटे तक तड़पती रही। लोगों ने बिजली सप्लाई बंद कराने के लिए फ्यूज कॉल पर लगातार फोन किया, लेकिन उनका आरोप है कि समय पर कोई मदद नहीं मिली। कुछ लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर डंडे के सहारे गाय को तार से अलग करने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रांसफार्मर से चिंगारी और आग निकलने लगी, जिसके बाद लोग पीछे हट गए।
बिजली आपूर्ति बंद नहीं होने और समय पर सहायता नहीं मिलने के कारण गाय की मौत हो गई। घटना के बाद वार्डवासियों ने खुले तारों और असुरक्षित ट्रांसफार्मर को तत्काल सुरक्षित करने की मांग की है।
पहले भी हो चुकी हैं मवेशियों की मौत की घटनाएं
वार्डवासियों का कहना है कि परमहंस वार्ड में खुले तारों और असुरक्षित विद्युत व्यवस्था की समस्या नई नहीं है। इससे पहले भी करंट की चपेट में आने से मवेशियों की मौत की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है।
वार्डवासियों ने मामले को लेकर कलेक्टर से शिकायत करने की तैयारी की है। उनकी मांग है कि ट्रांसफार्मर एवं आसपास के खुले तारों को तत्काल सुरक्षित किया जाए और आपातकालीन फ्यूज कॉल व्यवस्था में लापरवाही की स्थिति में जिम्मेदारी तय की जाए।
घटना ने बिजली विभाग की आपातकालीन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वार्डवासियों का कहना है कि जब करंट से किसी की जान पर बन आए और तत्काल बिजली बंद कराने के लिए फ्यूज कॉल किया जाए, तब समय पर सहायता मिलना जरूरी है। अब देखना होगा कि बिजली विभाग इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाता है?