पीएम श्री सेजेस दाऊपारा में आज सजेगा भव्य दिवाली व्यापार मेला 2026, विद्यार्थियों की उद्यमशीलता को मिलेगा मंच

पीएम श्री सेजेस दाऊपारा के विद्यार्थियों की अनूठी पहल; 10 कॉर्पोरेट छात्र फर्मों व क्राफ्ट टीमों द्वारा होगा आयोजन, मेले की आय का 30% हिस्सा जरूरतमंद परिवारों के कल्याण में होगा समर्पित
अभय न्यूज मुंगेली 05 नवंबर 2026।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के अनुभवात्मक अधिगम के तहत पीएम श्री सेजेस दाऊपारा, मुंगेली में आज 5 नवंबर 2026 को भव्य दिवाली व्यापार मेला आयोजित किया जाएगा। विद्यालय के वाणिज्य संकाय एवं पूर्व माध्यमिक विभाग के विद्यार्थियों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस मेले में विद्यार्थियों की व्यावसायिक प्रतिभा, रचनात्मकता और उद्यमशीलता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
विद्यालय के कक्षा 11वीं एवं 12वीं के वाणिज्य संकाय तथा कक्षा 6वीं से 8वीं के पूर्व माध्यमिक विभाग के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं 10 कॉर्पोरेट छात्र फर्मों एवं क्राफ्ट टीमों के माध्यम से मेले का संचालन करेंगे। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावसायिक प्रबंधन, विपणन, मूल्य निर्धारण एवं वित्तीय लेन-देन का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है।
मिट्टी के दीयों से लेकर डिजिटल भुगतान तक होगा आकर्षण
मेले में विद्यार्थियों द्वारा तैयार पारंपरिक एवं डिजाइनर दीये, इको-फ्रेंडली उत्पाद, आकर्षक दिवाली उपहार कॉम्बो और सजावटी सामग्री प्रदर्शित की जाएगी। आगंतुक अपनी पसंद के अनुसार दीयों पर नाम पेंटिंग एवं लाइव कस्टमाइजेशन का आनंद भी ले सकेंगे।
इसके साथ ही सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के लिए PhonePe, Google Pay एवं QR कोड की सुविधा उपलब्ध रहेगी। मेले में विद्यार्थियों द्वारा प्रत्यक्ष विपणन एवं बिक्री के माध्यम से अपनी व्यावसायिक दक्षता का प्रदर्शन किया जाएगा।
मेले की आय का 30 प्रतिशत हिस्सा जरूरतमंदों के लिए समर्पित
इस व्यापार मेले की एक विशेष पहल सामाजिक सरोकार से जुड़ी है। मेले से अर्जित शुद्ध लाभ का 30 प्रतिशत हिस्सा मुंगेली के स्थानीय निर्धन कुम्हार परिवारों एवं उनके बच्चों के कल्याण, मिठाई और दीप वितरण के लिए समर्पित किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से ग्रामीण शिल्पकारों के जीवन में भी दीपावली की खुशियां पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
विद्यालय प्रबंधन ने नागरिकों से की सहभागिता की अपील
विद्यालय प्रबंधन एवं आयोजक विद्यार्थियों ने मुंगेली जिले के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से मेले में शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
आयोजन की जानकारी
– दिनांक: 5 नवंबर 2026, गुरुवार
– समय: दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक
– स्थान: मुख्य विद्यालय प्रांगण, पीएम श्री सेजेस दाऊपारा, मुंगेली
विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षक-कर्मचारी एवं मार्गदर्शकों के सहयोग से आयोजित यह व्यापार मेला विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, व्यावसायिक कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
