मुख्यमंत्री की पाती से बढ़ा कुम्हार मुन्नालाल का हौसला, पारंपरिक हुनर को मिला सम्मान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर पत्र लिखकर दी शुभकामनाएं, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से मिला एक लाख रुपये का ऋण बना व्यवसाय को आगे बढ़ाने का सहारा
अभय न्यूज मुंगेली, 5 नवंबर 2026।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ओर से छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाओं के साथ मिले सम्मान ने मुंगेली के पारंपरिक कारीगर मुन्नालाल प्रजापति के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी। नगर पालिका मुंगेली के तिलक वार्ड निवासी कारीगर प्रजापति मिट्टी से सुंदर दीये, देवी-देवताओं की मूर्तियां और विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार करने के अपने पारंपरिक हुनर के लिए जाने जाते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने उन्हें पत्र लिखकर राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके पारंपरिक हुनर की सराहना की। मुख्यमंत्री की पाती पाकर मुन्नालाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पारंपरिक कारीगरों के हुनर को पहचान और सम्मान मिलना उनके लिए गर्व के साथ-साथ आगे बढ़ने का बड़ा प्रोत्साहन है।
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से मिला व्यवसाय को संबल
मुन्नालाल प्रजापति ने बताया कि मिट्टी से दीये, देवी-देवताओं की मूर्तियां और विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार करना उनका पारंपरिक व्यवसाय है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत उन्हें 5 प्रतिशत ब्याज दर पर एक लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ है।
इस आर्थिक सहयोग से उन्हें कुम्हारी व्यवसाय के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने और अपने काम को बेहतर ढंग से संचालित करने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि योजना से मिले सहयोग ने अपने पारंपरिक हुनर को और विकसित करने तथा व्यवसाय को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने का आत्मविश्वास दिया है।
पीढ़ियों से चली आ रही कला और संस्कृति का संरक्षण
मुन्नालाल प्रजापति ने कहा कि कुम्हारी केवल आजीविका का साधन नहीं है, बल्कि यह पीढ़ियों से चली आ रही कला, परंपरा और संस्कृति को जीवित रखने का माध्यम भी है। मिट्टी से विभिन्न कलात्मक वस्तुएं तैयार करना उनके परिवार की पारंपरिक पहचान है।
मुख्यमंत्री की शुभकामना पाती और शासन की योजना से मिले सहयोग ने उनके हुनर को नई पहचान और व्यवसाय को आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी है। मुन्नालाल ने इस प्रोत्साहन और आर्थिक सहायता के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री की शुभकामना पाती और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से मिला आर्थिक संबल मुंगेली के पारंपरिक कारीगर मुन्नालाल प्रजापति के लिए सम्मान, प्रोत्साहन और आत्मनिर्भरता की नई राह बना है।
